बिग बॉस ओटीटी 3 के बाद फिर होस्टिंग करते दिखेंगे अनिल कपूर, इंडिया के टॉप 1% में होगी बुद्धि की असली परीक्षा

मुंबई, 14 जून । बॉलीवुड के सदाबहार अभिनेता अनिल कपूर एक बार फिर छोटे पर्दे पर धमाकेदार वापसी करने जा रहे हैं। अभिनय के साथ-साथ अपनी शानदार होस्टिंग के लिए पहचाने जाने वाले अनिल कपूर अब नए गेम रियलिटी शो ‘इंडिया के टॉप 1%’ को होस्ट करते नजर आएंगे। शो का पहला प्रोमो रिलीज कर दिया गया है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
यह शो पारंपरिक क्विज़ और नॉलेज आधारित कार्यक्रमों से अलग होने वाला है। इसकी टैगलाइन डिग्री नहीं, दिमाग भी जीतेगा साफ संकेत देती है कि यहां केवल किताबों का ज्ञान नहीं, बल्कि तेज सोच, तर्कशक्ति और प्रैक्टिकल इंटेलिजेंस की भी परीक्षा होगी। रिलीज किए गए प्रोमो में अनिल कपूर अपने खास अंदाज में दर्शकों से रूबरू होते दिखाई देते हैं।
प्रोमो में दिखा अनिल कपूर का मजेदार अंदाज
अनिल कपूर प्रोमो में कहते हैं कि कोई हार्वर्ड से है, कोई हावड़ा से है, इनकी डिग्री का क्या मैं आचार डालूं? सिंपल सा सवाल पूछो तो रट्टू तोते की तरह किताब में घुस जाते हैं। इस संवाद के जरिए शो की थीम को मजेदार तरीके से पेश किया गया है। अनिल आगे बताते हैं कि यह ऐसा मंच होगा जहां केवल पढ़ाई-लिखाई नहीं, बल्कि सोचने और तुरंत फैसले लेने की क्षमता भी मायने रखेगी।
माई नेम इज लखन पर दिखा पुराना अंदाज
प्रोमो के अंत में अनिल कपूर का चिर-परिचित चुलबुला अंदाज भी देखने को मिलता है। वह अपने मशहूर गीत माई नेम इज लखन पर थिरकते नजर आते हैं। इसी दौरान एक व्यक्ति उनसे मजाकिया अंदाज में कहता है कि आधार कार्ड में तो उनका नाम अनिल कपूर लिखा है, लखन नहीं। यह हल्का-फुल्का हास्य प्रोमो को और भी मनोरंजक बना देता है।
टीवी और ओटीटी दोनों पर मिलेगा मनोरंजन
शो का प्रसारण जल्द ही स्टार प्लस पर किया जाएगा। इसके अलावा दर्शक इसे जियो हॉटस्टार पर भी देख सकेंगे। हालांकि मेकर्स ने अभी इसकी आधिकारिक प्रीमियर डेट की घोषणा नहीं की है। प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की उत्सुकता बढ़ गई है। दर्शक एक बार फिर अनिल कपूर को होस्टिंग की कमान संभालते देखने के लिए उत्साहित हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal