महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ऐतिहासिक जीत: नीदरलैंड को 95 रनों से रौंदा, कप्तान हरमनप्रीत ने मंधाना और शेफाली के प्रदर्शन को सराहा

लीड्स, । महिला टी20 विश्व कप 2026 के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम ने नीदरलैंड के खिलाफ 95 रनों से एकतरफा जीत दर्ज की। यह टूर्नामेंट के इतिहास में भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत है, जिसके साथ ही भारतीय टीम ग्रुप ए में शीर्ष स्थान पर काबिज हो गई है। टीम की इस शानदार शुरुआत ने टूर्नामेंट में भारत की दावेदारी को और मजबूत कर दिया है।
स्मृति और शेफाली के दम पर बड़ी बढ़त
मैच के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सलामी जोड़ी स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की जमकर तारीफ की। मंधाना ने 74 रनों की शानदार पारी खेली, जिसके लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। वहीं, शेफाली वर्मा ने बल्ले से 55 रन बनाने के साथ-साथ गेंदबाजी में भी अपना जलवा बिखेरते हुए 20 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट झटके और अपने हरफनमौला प्रदर्शन से टीम की जीत में बड़ी भूमिका निभाई।
अगले मुकाबलों के लिए टीम इंडिया का इरादा
कप्तान हरमनप्रीत ने कहा कि टीम अपनी योजना के अनुसार सटीक परिणाम हासिल कर रही है और वे इसी लय को आगे भी जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध हैं। टूर्नामेंट के पहले मैच में पाकिस्तान को 64 रनों से हराने के बाद नीदरलैंड पर मिली यह जीत टीम का आत्मविश्वास बढ़ाने वाली है। वहीं, नीदरलैंड की कप्तान बाबेटे डि लीडे ने स्वीकार किया कि भारतीय टीम का बल्लेबाजी और गेंदबाजी में प्रदर्शन लाजवाब रहा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal