Friday , June 19 2026

‘मेरी मां कट्टर हिंदू थीं और पिता मुसलमान’, जीनत अमान ने अपने नाम और धर्म को लेकर किया दिलचस्प खुलासा

‘मेरी मां कट्टर हिंदू थीं और पिता मुसलमान’, जीनत अमान ने अपने नाम और धर्म को लेकर किया दिलचस्प खुलासा

मुंबई, )। हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री जीनत अमान ने हाल ही में अपने नाम, परिवार और धर्म को लेकर खुलकर बात की। फिल्म इंडस्ट्री में जीनत अमान के नाम से मशहूर अभिनेत्री ने बताया कि उनका एक और नाम भी है, जिसे बहुत कम लोग जानते हैं। उन्होंने खुलासा किया कि उनकी मां ने उनका नाम ललितेश्वरी रखा था, जबकि उनके पिता ने उन्हें जीनत अमान नाम दिया था।

जीनत अमान ने कहा कि उनकी परवरिश ऐसे माहौल में हुई, जहां अलग-अलग धर्मों और संस्कृतियों का प्रभाव रहा। इसी वजह से उन्होंने जीवन में किसी एक धर्म को अपनाने के बजाय इंसानियत को सबसे बड़ा धर्म माना। बातचीत के दौरान जीनत अमान ने बताया कि उनकी मां वर्धिनी एक बेहद धार्मिक और कट्टर हिंदू महिला थीं।

मेरी मां दिन में घंटों पूजा करती थीं
जीनत अमान ने कहा कि मेरी मां हर दिन दो से तीन घंटे पूजा-पाठ करती थीं। मेरी परवरिश ज्यादातर उनके साथ हुई, इसलिए मैंने बचपन से हिंदू परंपराओं को बहुत करीब से देखा। वहीं उनके पिता मुस्लिम थे, जिन्होंने उनका नाम जीनत रखा। अभिनेत्री के अनुसार, उनके जीवन में दोनों धर्मों का प्रभाव रहा, जिसने उन्हें व्यापक सोच और अलग नजरिया दिया।

धर्म को लेकर क्या सोचती हैं जीनत अमान
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह किसी विशेष धर्म को मानती हैं, तो उन्होंने साफ कहा कि वह खुद को धार्मिक व्यक्ति नहीं मानतीं। उन्होंने बताया कि उनकी मां हिंदू थीं, पिता मुसलमान थे और उनके बच्चों के पिता भी मुस्लिम हैं। इसके अलावा उनकी पढ़ाई कैथोलिक स्कूल में हुई और कम उम्र में उन्हें अंतरराष्ट्रीय माहौल देखने का अवसर मिला।

इंसानियत ही मेरा धर्म है
अभिनेत्री ने कहा कि दुनिया का कोई भी धर्म लोगों को गलत रास्ता नहीं दिखाता। सभी धर्म प्रेम, शांति, दया और समानता का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि मैं इंसानियत, दया, शांति, समानता और इंसानों के साथ-साथ जानवरों के प्रति प्रेम में विश्वास रखती हूं। यही मेरा धर्म है। उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है और कई लोग उनकी सोच की सराहना कर रहे हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो जीनत अमान ने 1971 में फिल्म हलचल से बॉलीवुड में कदम रखा था।

सियासी मियार की रीपोर्ट