नसीरुद्दीन शाह की अदाकारी देख भावुक हो जाती थीं अंजना सुखानी

मुंबई, 19 जून। अभिनेत्री अंजना सुखानी ने कहा है कि नसीरुद्दीन शाह की अभिनय क्षमता इतनी प्रभावशाली है कि उन्हें अभिनय करते देख उनकी आंखों में आंसू आ जाते थे।इम्तियाज अली की फिल्म मैं वापस आऊंगा में अहम भूमिका निभाने वाली अंजना सुखानी ने अपने सह-कलाकारों नसीरुद्दीन शाह और दिलजीत दोसांझ के साथ काम करने के अनुभव साझा किए।
अंजना ने कहा, “मैं इम्तियाज अली से कहती थी कि जब भी नसीर सर अभिनय करते थे, मेरी आंखों में आंसू आ जाते थे। उनकी परफॉर्मेंस इतनी शानदार होती थी कि दिल भर आता था। उन्हें अभिनय करते देखना किसी लाइव मास्टरक्लास से कम नहीं था। सेट पर मौजूद सभी कलाकारों के लिए यह सीखने जैसा अनुभव था। खासकर उनकी आंखों के भाव मुझे हर बार भावुक कर देते थे।”
दिलजीत दोसांझ की तारीफ करते हुए अंजना ने कहा कि वह बेहद सहज, ईमानदार और मेहनती कलाकार हैं। उन्होंने बताया कि दिलजीत अपने काम की पूरी तैयारी करके आते हैं और उन्हें न केवल अपने बल्कि अन्य कलाकारों के संवाद भी याद रहते हैं। अंजना ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब वह एक दृश्य के दौरान अपना संवाद भूल गई थीं, तब दिलजीत ने तुरंत उन्हें उनकी लाइन याद दिलाई।
बिरला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स द्वारा निर्मित मैं वापस आऊंगा प्रेम, पहचान और अपनेपन जैसे भावनात्मक विषयों पर आधारित फिल्म है, जिसकी पृष्ठभूमि विभाजन पर केंद्रित है। फिल्म सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो चुकी है और दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रिया प्राप्त कर रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal