तेलंगाना के करीमनगर में बस में अचानक आग लगी, 41 यात्री बाल-बाल बचे

हैदराबाद, 22 जून। तेलंगाना के करीमनगर जिले में तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीजीएसआरटीसी) की एक बस में रविवार को अचानक आग लग गई, जिसके बाद चालक और कंडक्टर की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया और 41 यात्री बाल-बाल बच गये।
राज्य परिवहन निगम की यह इलेक्ट्रिक बस करीमनगर से हैदराबाद की ओर जा रही थी, तभी अचानक वाहन से आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक और कंटक्टर ने तुरंत बस को रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
चालक और स्थानीय निवासियों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद दमकल कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि, जब तक आग बुझाई गई, तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी।
अधिकारियों ने पुष्टि की है कि सभी यात्री सुरक्षित बच गए और किसी के हताहत होने की कोई रिपोर्ट नहीं है। इस घटना के कारण करीमनगर-हैदराबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग लगने का कारण बिजली के तारों में गड़बड़ी होने की आशंका है। प्रशासन ने घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal