झारखंड : पुलिस-पीएलएफआई उग्रवादियों में मुठभेड़, एरिया कमांडर घायल
खूंटी, झारखंड में खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र के इंदवन में रविवार तड़के पांच बजे प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ़ इंडिया (पीएलएफआई) और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में पीएलएफआई का एरिया कमांडर श्रवण दास घायल हो गया। पुलिस ने करीब छह उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तिलमी जंगल में पीएलएफआई के उग्रवादी किसी बड़ी साजिश को अंजाम देने की फिराक में एकत्रित हुए हैं। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जरियागढ़ और कर्रा थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से एक विशेष छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस की टीम के जंगल में पहुंचते ही उग्रवादियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुख्यात कमांडर श्रवण दास को गोली लग गई।
उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और सामग्री बरामद की है। चार पिस्टल और कई देसी कट्टे और 12 से अधिक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही संगठन से जुड़े आपत्तिजनक दस्तावेज और एक डायरी बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, बरामद डायरी जांच का मुख्य केंद्र है। इसमें क्षेत्र के कई ठेकेदारों के मोबाइल नंबर और भविष्य में की जाने वाली वारदातों का पूरा ब्योरा दर्ज है।
पुलिस को उम्मीद है कि यह डायरी उग्रवादी संगठन के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने में मदद करेगी। श्रवण दास तोरपा और कर्रा इलाके में दहशत का दूसरा नाम बना हुआ था। उस पर रेलवे कंस्ट्रक्शन साइटों पर गोलीबारी, आगजनी और रंगदारी वसूलने के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।
घायल कमांडर श्रवण दास को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया है। एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि फिलहाल जंगल में सर्च ऑपरेशन जारी है ताकि संगठन के अन्य फरार सदस्यों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal