Sunday , June 28 2026

समुद्र से आसमान तक भारत बन रहा है आत्मनिर्भर : मोदी

समुद्र से आसमान तक भारत बन रहा है आत्मनिर्भर : मोदी

नई दिल्ली, 28 जून । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत समुद्र से लेकर आसमान तक रक्षा क्षेत्र में तेजी से अधिक सुरक्षित तथा आत्मनिर्भर बन रहा है और स्वदेशी तकनीक तथा विनिर्माण के दम पर देश नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।
श्री मोदी ने रविवार को आकाशवाणी से प्रसारित अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135 वीं कड़ी में कहा कि 2026 का आधा हिस्सा बीतने को है और इन छह महीनों में देश ने सुरक्षा तथा आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन पर हर देशवासी को गर्व है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम में भारतीय नौसेना के बेड़े में आईएनएस दूनागिरी, आईएनएस संशोधक और आईएनएस अग्रय को शामिल किया गया। इन युद्धपोतों का डिजाइन और निर्माण पूरी तरह स्वदेशी है।
श्री मोदी ने कहा कि जून में ही विमानन क्षेत्र में भी बड़ी सफलता मिली है। ‘मेक इन इंडिया’ के तहत निर्मित सी-295 विमान ने अपनी पहली उड़ान पूरी की है और ऐसे 40 विमान भारत में ही बनाए जा रहे हैं। इससे एमएसएमई और एयरोस्पेस क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प और सशक्त होगा।
उन्होंने कहा कि इसी महीने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने स्वदेशी लंबी दूरी की भूमि-आक्रमण क्रूज मिसाइल का भी सफल परीक्षण किया है। यह मिसाइल रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन की प्रयोगशालाओं और भारतीय उद्योगों की साझेदारी से विकसित की गई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन उपलब्धियों से स्पष्ट है कि आज भारत समुद्र से लेकर आकाश तक अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बन रहा है।

सियासी मियार की रीपोर्ट