Wednesday , August 26 2026

इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों के मामले में केंद्र मेटा के अधिकारियों को करेगा तलब

इंस्टाग्राम पर बाल यौन शोषण को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों के मामले में केंद्र मेटा के अधिकारियों को करेगा तलब

नई दिल्ली,। इंस्टाग्राम पर कथित तौर पर बाल यौन शोषण को बढ़ावा देने वाले विज्ञापनों के मामले में केंद्र सरकार मेटा के अधिकारियों को तलब करने वाली है। यह कदम केंद्र सरकार के व्हाट्सएप यूजरनेम की शुरुआत को रोकने के कुछ दिनों बाद उठाया जा रहा है।

सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उन रिपोर्टों के बाद ये निर्देश जारी किए हैं। इन रिपोर्टो में दावा किया गया था कि फेसबुक और व्हाट्सएप की मूल कंपनी मेटा द्वारा संचालित सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर ऐसे विज्ञापन चल रहे थे जो कथित रूप से बाल यौन शोषण को बढ़ावा देते हैं।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय इस अमेरिकी कंपनी मेटा से स्पष्टीकरण मांगेगा कि उसके सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर ऐसे विज्ञापन कैसे दिखाई दिए और इस तरह की सामग्री के प्रसार रोकने के लिए क्या सुरक्षा उपाय मौजूद हैं। सूत्रों ने बताया कि मंत्रालय के मेटा के सामग्री नियंत्रण तंत्र, विज्ञापन समीक्षा प्रक्रियाओं और अपने प्लेटफार्मों पर अवैध तथा हानिकारक सामग्री के खिलाफ उठाए जा रहे कदमों का विवरण भी मांगे जाने की उम्मीद है।

सियासी मियार की रीपोर्ट