भारतीय सेना के बनाए बेली ब्रिज से सिलीगुड़ी-मिरिक के बीच संपर्क फिर से बहाल

सिलीगुड़ी, 09 जुलाई। पश्चिम बंगाल में दार्जिलिंग की पहाड़ियों में भारी बारिश के कारण पहले बना डायवर्जन बह जाने के बाद भारतीय सेना ने दुधिया में बालासन नदी पर एक बेली ब्रिज बनाया और बुधवार को इसके उद्घाटन के साथ ही सिलीगुड़ी और पर्यटन स्थल मिरिक के बीच सामान्य संपर्क फिर से बहाल हो गया।
दार्जिलिंग के जिलाधिकारी हरिशंकर पनिकर ने सेना के अधिकारियों, नागरिक प्रशासन के अधिकारियों, स्थानीय प्रतिनिधियों और निवासियों की मौजूदगी में रिबन काटकर पुल का औपचारिक उद्घाटन किया।
दार्जिलिंग की पहाड़ियों में लगातार बारिश के कारण गत 19 जून को बालासन नदी पर बना अस्थाई डायवर्जन बह गया था, जिससे सिलीगुड़ी और मिरिक के बीच सड़क संपर्क टूट गया और यात्रियों, पर्यटकों एवं स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। राज्य सरकार के अनुरोध पर सेना ने बेली ब्रिज का निर्माण शुरू करने से पहले पैदल चलने वालों की आवाजाही बहाल करने के लिए सबसे पहले एक फुटब्रिज बनाया था।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने नबन्ना से सोशल मीडिया पर इस घटनाक्रम की जानकारी दी। दार्जिलिंग से सांसद राजू बिस्टा, राज्य मंत्री विशाल लामा और अन्य अधिकारियों ने इस महत्वपूर्ण सड़क संपर्क के बहाल होने का स्वागत किया है।
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal