असम के श्रीभूमि में तीन करोड़ की 30 हजार याबा टैबलेट ज़ब्त, मुख्यमंत्री ने की तारीफ़

श्रीभूमि (असम), असम के श्रीभूमि जिले में पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ चलाए गए एक बड़े अभियान के दौरान करीब 3 करोड़ रुपये की 30,000 याबा टैबलेट जब्त कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई की मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सराहना करते हुए पुलिस को बधाई दी है।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अभियान की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि असम पुलिस ने नशीले पदार्थों की खेप को उसकी मंजिल तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया। उन्होंने कहा, हर खेप की एक मंजिल होती है और इसकी मंजिल पुलिस स्टेशन थी। उन्होंने इस सफल अभियान के लिए श्रीभूमि पुलिस की प्रशंसा करते हुए बधाई दी।
डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि यह कार्रवाई ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क को खत्म करने के लिए असम पुलिस की सतत प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार असम को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अपनी कार्रवाई और तेज़ करेगी।
पुलिस के अनुसार, ज़ब्त की गई याबा टैबलेट के स्रोत और उनकी सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही, इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal