रवि किशन की झोली में बड़ी फिल्म, करण जौहर की नागजिला में निभाएंगे अहम किरदार, कार्तिक आर्यन के साथ आएंगे नजर

मुंबई, । रवि किशन अब करण जौहर और महावीर जैन की फिल्म ‘नागजिला’ में कार्तिक आर्यन के साथ नजर आएंगे। निर्माता महावीर जैन ने कहा कि रवि ने फिल्म में एक अनोखा और मजेदार किरदार निभाया है।
भोजपुरी सिनेमा से लेकर बॉलीवुड तक अपनी दमदार पहचान बना चुके अभिनेता रवि किशन साल 2026 में लगातार चर्चा में बने हुए हैं। महज चार महीनों के भीतर वह ‘मामला लीगल 2’, ‘पेद्दी’, ‘मां बहन’ और ‘धमाल 4’ जैसे चार बड़े प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके हैं। इसके अलावा वह जल्द ही ‘मिर्जापुर: द मूवी’ का भी हिस्सा बनने वाले हैं। अब उनके खाते में एक और बड़ी बॉलीवुड फिल्म जुड़ गई है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रवि किशन अब करण जौहर और महावीर जैन द्वारा प्रोड्यूस की जा रही फिल्म ‘नागजिला’ में नजर आएंगे। इस फिल्म में कार्तिक आर्यन मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि रवि किशन एक अहम और दिलचस्प किरदार में दिखाई देंगे। इस खबर की पुष्टि खुद फिल्म के निर्माता महावीर जैन ने की है। एक इंटरव्यू में महावीर जैन ने रवि किशन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि रवि के साथ काम करना बेहद शानदार अनुभव रहा।
रवि किशन ने फिल्म की मैडनेस को बढ़ा दिया
महावीर जैन के मुताबिक, रवि किशन पूरी तरह प्रोफेशनल हैं और उन्होंने फिल्म में एक ऐसा किरदार निभाया है जो काफी अनोखा, अजीब और मनोरंजक है। उन्होंने कहा कि रवि किशन की दमदार एक्टिंग ने फिल्म की कॉमिक एनर्जी और मनोरंजन को कई गुना बढ़ा दिया है। उन्होंने यह भी बताया कि रवि किशन और कार्तिक आर्यन पहली बार किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं और दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री दर्शकों को पसंद आएगी।
कार्तिक आर्यन की भी हुई तारीफ
महावीर जैन ने कार्तिक आर्यन के अभिनय की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि कार्तिक की कॉमिक टाइमिंग शानदार है और गंभीर दृश्यों में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है। उनके मुताबिक, ‘नागजिला’ एक ऐसी फिल्म होगी, जिसमें कार्तिक अपनी अभिनय क्षमता का एक नया रंग दर्शकों के सामने पेश करेंगे।
2027 में रिलीज होगी ‘नागजिला’
पहले यह फिल्म 14 अगस्त को रिलीज होने वाली थी, लेकिन बाद में इसकी रिलीज डेट आगे बढ़ा दी गई। अब ‘नागजिला’ 12 फरवरी को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन का काम जारी है। लगातार बड़े प्रोजेक्ट्स का हिस्सा बन रहे रवि किशन का करियर इस समय शानदार दौर से गुजर रहा है। भोजपुरी इंडस्ट्री के बाद बॉलीवुड में भी वह अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal