विश्व कप जीत के बाद भावुक हुए पेड्री और दानी ओल्मो, बोले- यह सफलता पूरे स्पेन की

मैड्रिड, । फीफा विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद स्पेन के स्टार फुटबॉलर पेड्री गोंजालेज और दानी ओल्मो ने प्रशंसकों के नाम भावुक संदेश साझा करते हुए उनके अटूट समर्थन के लिए धन्यवाद दिया। दोनों खिलाड़ियों ने कहा कि यह ऐतिहासिक सफलता पूरे स्पेन की है।
स्पेन ने विश्व कप 2026 के फाइनल में गत चैंपियन अर्जेंटीना को अतिरिक्त समय में 1-0 से हराकर इतिहास रचते हुए अपना दूसरा फीफा विश्व कप खिताब जीता।
विश्व कप जीत के बाद राजधानी मैड्रिड सहित पूरे स्पेन में जश्न का माहौल रहा। हजारों प्रशंसकों के साथ जीत का उत्सव मनाने के बाद मिडफील्डर दानी ओल्मो ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, अब भी मेरे पास शब्द नहीं हैं। कल के जश्न में हमारे साथ शामिल होने और पूरे विश्व कप के दौरान लगातार हमारा साथ देने के लिए आप सभी का दिल से धन्यवाद।
वहीं, स्पेन के युवा मिडफील्डर पेड्री गोंजालेज ने भी भावुक संदेश साझा करते हुए लिखा, सबसे बड़ी सफलता मेरे अपने लोग हैं। हमने साथ मिलकर सपने देखे और साथ मिलकर यह सफर तय किया।
फाइनल मुकाबले में अतिरिक्त समय के 106वें मिनट में स्थानापन्न खिलाड़ी फेरान टोरेस ने निर्णायक गोल कर स्पेन को 1-0 की जीत दिलाई। निको विलियम्स के हेडर पर मिले पास को टोरेस ने गोल में बदलकर स्पेन को विश्व चैंपियन बना दिया।
मुख्य कोच लुइस डे ला फुएंते की टीम ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और लगातार गोल के मौके बनाए। हालांकि, अर्जेंटीना के गोलकीपर एमिलियानो मार्टिनेज ने 12 शानदार बचाव कर अपनी टीम को लंबे समय तक मुकाबले में बनाए रखा, लेकिन अंततः टोरेस के गोल ने स्पेन को ऐतिहासिक जीत दिला दी।
इस जीत के साथ स्पेन ने 16 वर्षों बाद फिर से फीफा विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की। इससे पहले उसने 2010 में पहली बार विश्व कप जीता था। विश्व कप 2026 में स्पेन पूरे टूर्नामेंट में अपराजित रहा और यूईएफए यूरो 2024 खिताब के बाद एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय सफलता अपने नाम की।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal