डॉली सिंह इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न के अवॉर्ड्स नाइट की करेंगी मेजबानी

मुंबई, । अभिनेत्री, कंटेंट क्रिएटर, निर्देशक और निर्माता डॉली सिंह प्रतिष्ठित इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) 2026 के अवॉर्ड्स नाइट की मेजबानी करेंगी।डॉली सिंह फेस्टिवल में आधिकारिक अतिथि और पैनलिस्ट के रूप में भी शामिल होंगी।
आईएफएफएम की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, 13 अगस्त को आयोजित होने वाले अवॉर्ड्स नाइट की मेजबानी के साथ डॉली सिंह ‘सिनेमा में कहानी कहने के अलग-अलग रूपों में महिलाओं की भूमिका’ विषय पर आयोजित विशेष पैनल चर्चा में भी अपने विचार रखेंगी।
डॉली सिंह ने कहा, “इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न का इतने अलग-अलग रूपों में हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। अवॉर्ड्स नाइट की मेजबानी करना बेहद खास अनुभव है, लेकिन इससे भी अधिक खुशी इस बात की है कि मुझे फेस्टिवल में अतिथि और पैनलिस्ट के रूप में भी आमंत्रित किया गया है। मेरा मानना है कि महिलाएं आज कहानी कहने के तरीके को नई सोच और नए नजरिये से बदल रही हैं।”
उन्होंने कहा कि उनका सफर केवल अभिनय तक सीमित नहीं रहा है। स्केच, मिनी-सीरीज़, माइक्रो ड्रामा और अपने प्रोजेक्ट्स के निर्देशन तथा निर्माण के माध्यम से उन्होंने यह सीखा है कि किसी कहानी की ताकत उसके बड़े बजट में नहीं, बल्कि उसकी सच्चाई और भावनात्मक प्रभाव में होती है। उन्होंने कहा कि वह वैश्विक मंच पर भारतीय सिनेमा का जश्न मनाने और रचनात्मक कलाकारों के साथ अपने विचार साझा करने को लेकर उत्साहित हैं।
डॉली सिंह ने पिछले कुछ वर्षों में डिजिटल कंटेंट क्रिएटर से आगे बढ़कर अभिनेत्री, लेखिका, निर्देशक और निर्माता के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने ओरिजिनल मिनी-सीरीज़ और माइक्रो ड्रामा के निर्माण, निर्देशन और प्रस्तुति के जरिए कहानी कहने के नए माध्यमों में भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।
उल्लेखनीय है कि डॉली सिंह हाल ही में इंस्टाग्राम के प्रतिष्ठित ग्लोबल रिंग्स अवॉर्ड 2025 प्राप्त करने वाली पहली भारतीय बनी हैं। यह सम्मान डिजिटल स्टोरीटेलिंग में रचनात्मक योगदान देने वाले क्रिएटर्स को प्रदान किया जाता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal