Saturday , August 8 2026

लोकसभा में हिरोशिमा और नागासाकी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई

लोकसभा में हिरोशिमा और नागासाकी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी गई

नई दिल्ली, । लोकसभा ने हिरोशिमा और नागासाकी पर परमाणु बम हमलों की बरसी पर बृहस्पतिवार को पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परमाणु हथियारों के उन्मूलन और वैश्विक शांति एवं सौहार्द के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन की कार्यवाही आरंभ होने पर इन हमलों की विभीषिका का उल्लेख किया।

उन्होंने कहा, ‘‘आज से 81 वर्ष पूर्व 6 और 9 अगस्त, 1945 को जापान के हिरोशिमा और नागासाकी शहरों पर परमाणु बम गिराए गए थे। इस त्रासदी में लाखों निर्दोष लोग मारे गए और असंख्य लोग इसके दुष्प्रभावों से प्रभावित हुए।’’

बिरला ने कहा कि पहली बार विश्व ने परमाणु हथियारों के विनाशकारी प्रभाव को देखा।

उन्होंने कहा, ‘‘यह सभा विश्व को सामूहिक विनाश के हथियारों से मुक्त करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराती है तथा परमाणु हथियारों के उन्मूलन और वैश्चिक शांति और सौहार्द सुनिश्चित करने के लिए अपना दृढ़ संकल्प व्यक्त करती है।’’

इसके बाद अध्यक्ष और सदस्यों ने कुछ देर मौन रखकर परमाणु हमलों के पीड़ितों को श्रद्धांजलि दी।

द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान छह और नौ अगस्त 1945 को अमेरिका ने जापान के हिरोशिमा और नागासाकी शहरों पर परमाणु बम गिराए थे। इन हमलों में तत्काल एक लाख से अधिक लोगों की मृत्यु हो गई थी, जबकि लाखों लोग गंभीर रूप से घायल और विकिरण से प्रभावित हुए थे।

सियासी मियार की रीपोर्ट