केरल तट पर लापता मछुआरे की तलाश तेज

कोल्लम, 07 अगस्त । केरल की तटीय पुलिस ने 31 जुलाई को यहां पुथेनथुरा के पास मछली पकड़ने वाली एक नाव के पलटने के बाद लापता हुए युवक की तलाश शुक्रवार को तेज कर दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नींदाकारा तटीय थाना के अधिकारियों ने बताया कि पुथेनथुरा के रहने वाले गौतम कृष्णा (26) की तलाश के लिए अतिरिक्त नौकाएं और कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
गौतम की मां ने बृहस्पतिवार को कोल्लम तटीय थाना में मत्स्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से मुलाकात की।
बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मत्स्य विभाग के अधिकारियों ने उन्हें जानकारी दी कि तलाशी के कुछ तरीकों को पहले इसलिए नहीं अपनाया गया था क्योंकि परिवार ने उनकी मांग नहीं की थी लेकिन अब उन तरीकों को लागू किया जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि बाद में केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी और मत्स्य पालन मंत्री के दखल के बाद तटीय पुलिस और मत्स्य पालन विभाग ने खोज का दायरा बढ़ाते हुए व्यापक क्षेत्र में खोजबीन के लिए तथा और अधिक नौकाओं और कर्मचारी तैनात करने का फैसला किया।
इस हादसे में गौतम के पिता राधाकृष्णन (48) और दादा राजीवन (74) की भी मौत हो गई जो उसी मछली पकड़ने वाली नाव पर सवार थे।
ये तीनों उन 14 लोगों के समूह का हिस्सा थे जो 31 जुलाई को पुथेनथुरा से मछली पकड़ने गए थे।
वापसी के समय उनकी नाव मुहाने के पास ऊंची लहरों की चपेट में आ गई और पलट गई।
इस बीच, विड़िण्णम तटीय पुलिस पुलुविला के रहने वाले जॉन (54) की तलाश जारी रखे हुए है जो 31 जुलाई को तिरुवनंतपुरम तट के पास नाव के एक अलग हादसे में लापता हो गए थे।
जॉन के परिवार ने हाल में विड़िण्णम तटीय थाना के बाहर प्रदर्शन किया और आरोप लगाया कि खोज अभियान ठीक से नहीं चलाया जा रहा है।
परिवार ने यह भी मांग की है कि ऐसे नौका हादसों के बाद खोज अभियान में अनुभवी मछुआरों को शामिल किया जाए जिन्हें समुद्र की बेहतर जानकारी होती है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal