साइबर अपराध से निपटने में देश में अव्वल रहने पर तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो की मुख्यमंत्री ने सराहना की

हैदराबाद, तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना साइबर सुरक्षा ब्यूरो (टीजीसीएसबी) को साइबर अपराध से निपटने के मामले में प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) की समीक्षा बैठक में देश में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर बधाई दी है।
रेड्डी ने कहा कि यह उपलब्धि प्रौद्योगिकी आधारित पुलिस व्यवस्था, नागरिक-केंद्रित सुशासन और डिजिटल सुरक्षा के प्रति तेलंगाना की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री ने तेलंगाना पुलिस पर विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस बल साइबर अपराध की रोकथाम, जांच और जनसेवा के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नए मानक स्थापित करता रहेगा और डिजिटल व्यवस्था में नागरिकों की सुरक्षा को और मजबूत करेगा।’
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बृहस्पतिवार को पीएमओ द्वारा आयोजित राष्ट्रव्यापी समीक्षा बैठक में तेलंगाना को साइबर अपराध से संबंधित कई पहलों में देश में पहला स्थान मिला।
‘प्रगति’ समीक्षा बैठक का आयोजन विभिन्न राज्यों द्वारा साइबर अपराध से निपटने के लिए किए जा रहे कार्यों, उनके प्रदर्शन और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) तथा केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा विकसित डिजिटल मंचों के उपयोग और प्रभावशीलता का आकलन करने के लिए किया गया था।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal