Saturday , August 8 2026

हुमा कुरैशी ने ‘बयान’ के आईएफएफएम 2026 में ऑस्ट्रेलियन प्रीमियर पर जताई खुशी

हुमा कुरैशी ने ‘बयान’ के आईएफएफएम 2026 में ऑस्ट्रेलियन प्रीमियर पर जताई खुशी

मुंबई, 08 अगस्त अभिनेत्री हुमा कुरैशी ने अपनी आगामी फिल्म ‘बयान’ के 2026 इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न (आईएफएफएम) में ऑस्ट्रेलियन प्रीमियर को लेकर प्रसन्नता व्यक्त की है।बिकास रंजन मिश्रा के लेखन और निर्देशन में बनी हिंदी पुलिस प्रोसीजरल ड्रामा ‘बयान’ फेस्टिवल की आधिकारिक लाइन-अप में शामिल की गई है। फिल्म का ऑस्ट्रेलियन प्रीमियर मेलबर्न में होगा।
फिल्म में हुमा कुरैशी ने रूही नामक एक दृढ़ निश्चई पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाई है, जो अपने पहले बड़े मामले की जांच करती है। यह मामला एक प्रभावशाली धार्मिक गुरु पर लगे यौन शोषण के आरोपों से जुड़ा है। जांच के दौरान रूही को व्यवस्था की बाधाओं, गवाही देने से हिचकिचाने वाले लोगों और न्याय की राह में आने वाली कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।
हुमा कुरैशी ने कहा, “‘बयान’ मेरे करियर की सबसे चुनौतीपूर्ण और भावनात्मक रूप से संतोष देने वाली फिल्मों में से एक है। रूही एक ऐसी महिला है, जो हर तरह के दबाव के बावजूद अपने सिद्धांतों पर अडिग रहती है। इस किरदार को निभाने से मुझे एक कलाकार के रूप में बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। फिल्म की खासियत केवल इसकी रोमांचक जांच नहीं है, बल्कि यह सत्ता, सच और न्याय से जुड़े महत्वपूर्ण सवाल भी उठाती है। मुझे बेहद खुशी है कि ‘बयान’ का प्रदर्शन इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न में होने जा रहा है। यह ऐसा मंच है, जिसने हमेशा साहसी और सार्थक सिनेमा को प्रोत्साहित किया है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म से जुड़ेंगे और इसकी कहानी लंबे समय तक उनके साथ बनी रहेगी।”

सियासी मियार की रीपोर्ट