‘बंटवारा 1947’ के पंजाब प्रमोशन के दौरान सनी देओल पहुंचे पार्टिशन म्यूजियम

मुंबई, 10 अगस्त । आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ के प्रचार अभियान के तहत अभिनेता सनी देओल और उनके बेटे करण देओल अमृतसर स्थित पार्टिशन म्यूजियम पहुंचे। सनी देओल ने सोशल मीडिया पर इस दौरे की कुछ झलकियां भी साझा की हैं, जिनमें वह भारत के विभाजन से जुड़ी तस्वीरों और यादों को देखते नजर आ रहे हैं।
राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी ‘बंटवारा 1947’ में सनी देओल के साथ शबाना आज़मी, प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म भारत के विभाजन के दौर की पृष्ठभूमि पर आधारित है और उस समय लोगों की जिंदगी पर पड़े असर के साथ मानवीय भावनाओं, उम्मीद और विपरीत परिस्थितियों में मजबूती से खड़े रहने की कहानी पेश करती है।
फिल्म के मल्टी-सिटी प्रमोशनल अभियान के तहत टीम जयपुर, अहमदाबाद, पटना और लखनऊ का दौरा कर चुकी है। अब टीम पंजाब पहुंची है, जहां फिल्म के प्रचार के लिए चंडीगढ़, मोहाली, जालंधर और अमृतसर सहित कई शहरों में कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
पंजाब दौरे के दौरान सनी देओल और करण देओल का पार्टिशन म्यूजियम पहुंचना खास रहा। संग्रहालय में विभाजन से जुड़े दस्तावेजों, तस्वीरों और स्मृतियों को देखकर सनी देओल ने उस दौर की यादों को करीब से महसूस किया। फिल्म की कहानी भी विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़े मानवीय पहलुओं के इर्द-गिर्द बुनी गई है, ऐसे में यह दौरा फिल्म के प्रचार अभियान से भावनात्मक रूप से भी जुड़ा नजर आया।
सनी देओल अपने पंजाब रोड ट्रिप की शुरुआत चंडीगढ़ से करेंगे। इसके बाद वह मोहाली और जालंधर जाएंगे और अमृतसर में इस यात्रा का समापन करेंगे। सनी देओल को ड्राइविंग का शौक है और ऐसे में पंजाब की यह रोड ट्रिप उनके लिए व्यक्तिगत रूप से भी खास मानी जा रही है।
फिल्म के प्रचार अभियान में प्रीति जिंटा का पंजाब से जुड़ाव भी महत्वपूर्ण है। वह पंजाब किंग्स की सह-मालकिन हैं। ऐसे में फिल्म की टीम का पंजाब दौरा स्थानीय दर्शकों से जुड़ने के लिहाज से खास महत्व रखता है।
‘बंटवारा 1947’ में विभाजन के दर्दनाक दौर के बीच इंसानियत, रिश्तों और उम्मीद की कहानी को सामने लाया गया है। फिल्म का ट्रेलर भी विभाजन की त्रासदी और उससे जुड़े भावनात्मक पहलुओं की झलक देता है।
करीब तीन दशक बाद राजकुमार संतोषी और सनी देओल की चर्चित जोड़ी एक बार फिर साथ काम कर रही है। फिल्म में सनी देओल और शबाना आज़मी के साथ प्रीति जिंटा, करण देओल, अली फज़ल और अभिमन्यु सिंह प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी ‘बंटवारा 1947’ का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है और गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। आमिर खान और अपर्णा पुरोहित फिल्म के निर्माता हैं। यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal