कोई भी ताकत भारत को महाशक्ति बनने से नहीं रोक सकती: फडणवीस

मुंबई, 12 अगस्त । महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बाहरी और घरेलू ताकतें भारत की तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था को रोकने की साजहश कर रही हैं ,क्योंकि उन्हें डर है कि देश जल्द ही दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्ति (सुपरपावर) बन जायेगा।
श्री फडणवीस ने स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित एक भव्य तिरंगा रैली का नेतृत्व किया। इस मौके पर उन्होंने अरब सागर के विशाल विस्तार और राष्ट्रीय ध्वज लिए नागरिकों के जन-सैलाब के बीच एक जबरदस्त समानता बताई। उन्होंने जोर दिया कि भारत गर्व के साथ दुनिया की चौथी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बन गया है। देश के ऊर्जावान युवाओं की बड़ी आबादी के दम पर भारत सूचना प्रौद्योगिकी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर कड़ी टक्कर दे रहा है। भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने की कोशिश करने वाले बाहरी तत्वों पर निशाना साधते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि उनमें भारत के देशभक्त युवाओं की प्रगति को रोकने की ताकत नहीं है।
अगले दो दशकों का लक्ष्य तय करते हुए मुख्यमंत्री ने 2047 तक ‘विकसित भारत’ के विजन को दोहराया। उन्होंने नागरिकों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नवभारत'(नये भारत) के विजन के तहत राष्ट्रीय हित में एकजुट होने का आग्रह किया।
नागरिकों को ‘अगस्त क्रांति दिवस’ (9 अगस्त-1942) की ऐतिहासिक विरासत की याद दिलाते हुए श्री फडणवीस ने कहा कि जहां वह ऐतिहासिक आंदोलन ब्रिटिश शासन के खिलाफ ‘भारत छोड़ो’का था, वहीं आज का संघर्ष एक विकसित राष्ट्र के लिए ‘करो या मरो’का आह्वान है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal