Wednesday , August 12 2026

अमेरिका: वायु सेना मामलों के पूर्व मंत्री फ्रैंक केंडल ट्रंप प्रशासन पर करेंगे मुकदमा

अमेरिका: वायु सेना मामलों के पूर्व मंत्री फ्रैंक केंडल ट्रंप प्रशासन पर करेंगे मुकदमा

वाशिंगटन, । अमेरिका में वायु सेना मामलों के पूर्व मंत्री फ्रैंक केंडल ने कहा है कि वह अपनी ‘सुरक्षा मंजूरी’ (गोपनीय और संवेदनशील जानकारी तक पहुंच की आधिकारिक अनुमति) बहाल कराने के लिए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन के खिलाफ मुकदमा दायर करेंगे।

ट्रंप प्रशासन ने शुक्रवार को यह आरोप लगाते हुए केंडल की सुरक्षा मंजूरी रद्द कर दी थी कि उन्होंने कतर द्वारा उपहार में दिए गए उस विमान से संबंधित संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक की थी, जिसका इस्तेमाल अब ‘एयर फोर्स वन’ के रूप में किया जा रहा है।

पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के कार्यकाल में वायु सेना मामलों के मंत्री रहे केंडल ने सोमवार को समाचार चैनल ‘सीएनएन’ से कहा कि वह प्रशासन के इस फैसले को अदालत में चुनौती देंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप प्रशासन का अपने आलोचकों की सुरक्षा मंजूरी रद्द करके उनसे बदला लेने का इतिहास रहा है।

गोपनीय जानकारी सार्वजनिक करने के आरोप से इनकार करते हुए केंडल ने कहा, ‘‘जैसा कि मेरी मां ने मुझे वर्षों पहले सिखाया था, परेशान करने वालों का डटकर सामना करना चाहिए।’’

राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के जाने-माने वकील मार्क जैद ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पुष्टि की कि केंडल ने उन्हें अपना वकील नियुक्त किया है।

सियासी मियार की रीपोर्ट