सिंगापुर के ध्वज वाले कंटेनर पोत ने डायमंड हार्बर के पास हुगली तटबंध को मारी टक्कर

कोलकाता, 13 अगस्त । सिंगापुर के ध्वज वाले एक कंटेनर पोत ने बुधवार को दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर के निकट नूरपुर में हुगली नदी के तटबंध से टक्कर मार दी, जिससे व्यस्त नदी मार्ग पर नौवहन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई।
स्थानीय और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, ‘नाओटावुम’ नामक पोत सिंगापुर से माल लेकर कोलकाता बंदरगाह की ओर जा रहा था। ज्वार के दौरान नूरपुर फेरी घाट के पास अचानक तकनीकी खराबी आने के बाद पोत कथित तौर पर अपना मार्ग बदल बैठा और पोंटून के पास नदी के तटबंध से जा टकराया।
टक्कर के बाद नदी के तटबंध में दरारें पड़ गयीं। इससे आसपास के ग्रामीण इलाकों में पानी घुसने की आशंका को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पोत अभी घटनास्थल पर ही है।
अधिकारियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर के समय फेरी घाट पर कोई यात्री लांच मौजूद नहीं थी। इससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। नूरपुर फेरी मार्ग इस क्षेत्र को कुकड़ाहाटी, गेओखाली और गादियाड़ा से जोड़ता है और प्रतिदिन हजारों यात्री इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।
घटना के बाद हुगली नदी में पिछले कुछ महीनों के दौरान हुई ऐसी घटनाओं को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पिछले दो महीनों में यह इस तरह की तीसरी घटना है। इससे पहले हुई दो घटनाओं में बांग्लादेश के ध्वज वाले पोत शामिल थे। इनमें से एक पोत ने बजबज के निकट नदी के तटबंध से टक्कर मारी थी। बाद में उसे बाहर निकालकर करीब दो सप्ताह बाद बंगलादेश वापस भेज दिया गया था।
एक अन्य बंगलादेशी पोत भी बजबज के निकट नदी के तटबंध से टकराने के बाद गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था और उसे अब तक बाहर नहीं निकाला जा सका है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal