नानी की ‘द पैराडाइज’ के लिए कई एकड़ में तैयार हुआ विशाल झुग्गी सेट

मुंबई, 13 अगस्त । नेचुरल स्टार नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द पैराडाइज’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। नानी और निर्देशक श्रीकांत ओडेला की यह बहुप्रतीक्षित रीयूनियन है। फिल्म में नानी बिल्कुल अलग अवतार में नजर आने वाले हैं।
फिल्म का टीजर पहले ही रिलीज हो चुका है, जिसे दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया मिली है। टीजर में दमदार एक्शन, पावरफुल थीम और फिल्म के भव्य सेट की झलक देखने को मिली है।
फिल्म से जुड़े एक स्वतंत्र सूत्र के अनुसार, ‘द पैराडाइज’ के निर्माताओं ने कई एकड़ में फैला विशाल सेट तैयार किया है। इसके लिए लोकेशन तलाशने में कई महीने लगे, क्योंकि किसी भी स्टूडियो के पास इतने बड़े सेट के निर्माण के लिए पर्याप्त जमीन नहीं थी।
सूत्र ने बताया कि निर्माताओं की कोशिश थी कि फिल्म में दिखाई जाने वाली झुग्गियां अधिक से अधिक वास्तविक और प्राकृतिक नजर आएं। इसके लिए विशेषज्ञों की मदद ली गई और उन्हें भारत की अलग-अलग झुग्गी बस्तियों में भेजा गया, जिससे वहां के माहौल और बारीकियों को करीब से समझा जा सके।
सूत्र के अनुसार, पूरे सेट का केंद्रबिंदु एक विशाल आर्च है, जो फिल्म के मुख्य किरदार का घर भी है। इसी आर्च के आसपास पूरी झुग्गी बस्ती का निर्माण किया गया है।
फिल्म में नानी की मौजूदगी वाला गीत ‘आया शेर’ भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो चुका है। गाने के हुक स्टेप को प्रशंसक रीक्रिएट कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कई रील्स और एडिट्स साझा किए जा रहे हैं।
एसएलवी सिनेमाज के बैनर तले बनी ‘द पैराडाइज’ 21 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम सहित आठ भाषाओं में रिलीज की जाएगी।
फिल्म के वैश्विक स्तर को देखते हुए निर्माताओं ने हॉलीवुड अभिनेता रयान रेनॉल्ड्स से भी अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ‘द पैराडाइज’ को प्रस्तुत करने के लिए संपर्क किया है। बड़े पैमाने पर तैयार की गई फिल्म की दुनिया और नानी के नए अवतार को लेकर दर्शकों में फिल्म की रिलीज का इंतजार बढ़ गया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal