लद्दाख में चार घंटे के भीतर मध्यम तीव्रता के दो भूकंप
जम्मू, केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में बृहस्पतिवार को करीब चार घंटे के भीतर मध्यम तीव्रता के दो भूकंप आए जिससे स्थानीय लोग घबरा गए।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, पहला एवं अधिक तीव्र भूकंप सुबह छह बजकर पांच मिनट पर आया जिसकी तीव्रता 5.5 मापी गई। इसका केंद्र 36.88 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 74.402 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था।
एनसीएस ने बताया कि भूकंप का केंद्र लद्दाख के लेह में 10 किलोमीटर की गहराई में था।
इसके बाद सुबह नौ बजकर 54 मिनट पर 4.3 तीव्रता का एक और भूकंप आया। इसका केंद्र 36.76 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 75.326 डिग्री पूर्वी देशांतर में 10 किलोमीटर गहराई में था।
दोनों भूकंप लेह क्षेत्र में दर्ज किए गए और इनके बीच करीब चार घंटे का अंतर था।
भूकंप से जानमाल के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है।
लगातार आए इन झटकों से स्थानीय लोग घबरा गए। यह क्षेत्र भूकंप के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र में आता है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal