मीनाक्षी लेखी बनीं दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया की चेयरपर्सन

आगरा, पूर्व केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मीनाक्षी लेखी ने भारतीय दिव्यांग क्रिकेट और भारतीय व्हीलचेयर क्रिकेट का संचालन करने वाली संस्था दिव्यांग क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ऑफ इंडिया (डीसीसीबीआई) की चेयरपर्सन की जिम्मेदारी संभाली है। आगरा में आयोजित दिव्यांग क्रिकेट अवार्ड समारोह में उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपे जाने की घोषणा की गई।
लेखी ने कहा कि वह नई जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, मेहनत और लगन से निभाएंगी तथा दिव्यांग क्रिकेट को देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगी। उन्होंने खिलाड़ियों से भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेने और अपने कर्म को पूरी ईमानदारी से करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “कर्म करते जाइए, रास्ता अपने आप खुलता चला जाएगा।”
उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों की मेहनत, संघर्ष और प्रतिभा देश के लिए गौरव का विषय है। उन्हें खेल के मैदान तक सीमित रखने के बजाय समाज में सम्मान, अवसर और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना सामूहिक जिम्मेदारी है।
डीसीसीबीआई के अध्यक्ष मुकेश कंचन और व्हीलचेयर यूनिट के अध्यक्ष डॉ. भगवान तलवारे ने श्रीमती लेखी का स्वागत करते हुए उनके अनुभव और नेतृत्व से दिव्यांग क्रिकेट को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई। बोर्ड के अनुसार मुंबई में
भारत, श्रीलंका और नेपाल के बीच त्रिकोणीय दिव्यांग क्रिकेट श्रृंखला आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
बोर्ड में नीरज अशोक शर्मा को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, खालिद अब्बास को मुख्य परिचालन अधिकारी (सीओओ), नीरज शर्मा सीए को निदेशक-वित्त तथा राजस्थान रॉयल्स के आईपीएल खिलाड़ी अजित चंदेला को निदेशक-तकनीकी बनाया गया है। बोर्ड का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मान, अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराना है
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal