मुर्मु, राधाकृष्णन, मोदी और नवीन सहित विभिन्न नेताओं ने अर्पित की वाजपेई को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 16 अगस्त। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष नितिन नवीन सहित विभिन्न नेताओं ने रविवार को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रीमती मुर्मु, श्री राधाकृष्णन, श्री मोदी, पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, श्री नवीन और दिल्ली प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा सहित तमाम नेता आज श्री वाजपेई के स्मृतिस्थल ‘सदैव अटल’ पहुंचे और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
इस मौके पर श्री वाजपेई के स्मृतिस्थल ‘सदैव अटल’ प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया।
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई का निधन 16 अगस्त 2018 में हुआ था।
श्री मोदी ने श्री वाजपेई की पुण्यतिथि के मौके पर उन्हें एक ‘असाधारण राजनेता’ बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “अद्भुत दूरदर्शिता वाले एक असाधारण राजनेता के तौर पर उन्होंने अपना जीवन देश की सेवा में समर्पित कर दिया। उनके विचारों और प्रयासों ने कई पीढ़ियों को प्रेरित किया और उनके नेतृत्व ने हमारे देश को मज़बूत बनाया। सुशासन और जन-कल्याण पर उनका ज़ोर हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा।”
श्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया एक्स पर श्री वाजपेई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए लिखा, “श्री अटल बिहारी वाजपेई जी की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें कोटि-कोटि नमन और विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। अटल जी ने अपने विचारों और कार्यों से भारतीय लोकतंत्र को समृद्ध किया। उन्होंने जीवन भर ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ की भावना के साथ काम किया। उनके लिए राजनीति का मूल उद्देश्य राष्ट्रहित और जनसेवा था।”
उन्होंने कहा, “अटल जी के नेतृत्व में भारत ने रणनीतिक शक्ति, आर्थिक विकास और बुनियादी ढांचे के क्षेत्रों में नई ऊंचाइयां हासिल कीं। उन्होंने देश को मजबूत बनाने, उसमें आत्मविश्वास जगाने और विकास को नई दिशा देने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनका व्यक्तित्व, उनके आदर्श और राष्ट्र सेवा का उनका संकल्प हम सभी को सदैव प्रेरित करते रहेंगे।”
वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने श्री वाजपेई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक्स पर लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री, भाजपा के संस्थापक एवं भारत रत्न से सम्मानित अटल बिहारी वाजपेई जी की पुण्यतिथि पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ। अटल जी एक ऐसे देशभक्त राजनेता थे जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र की सेवा में समर्पित कर दिया। एक ओर जहाँ उन्होंने परमाणु परीक्षणों और कारगिल युद्ध के माध्यम से भारत की शक्ति से पूरी दुनिया को अवगत कराया, वहीं दूसरी ओर उनकी मूल्यों पर आधारित राजनीति ने पहली बार ‘अंत्योदय’ और सुशासन के विज़न को धरातल पर उतारा। अटल जी का विराट व्यक्तित्व और नेतृत्व सदैव हर भाजपा कार्यकर्ता को राष्ट्र-निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा।”
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal