Monday , August 17 2026

दुबई में फिल्माया गया सृष्टि भारती, माही श्रीवास्तव और मो. ताहिर हफीज का भोजपुरी गाना ‘प्यार के एहसास होखे दा’ रिलीज

दुबई में फिल्माया गया सृष्टि भारती, माही श्रीवास्तव और मो. ताहिर हफीज का भोजपुरी गाना ‘प्यार के एहसास होखे दा’ रिलीज

मुंबई, 17 अगस्त । भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री की जानी-मानी म्यूजिक कंपनी वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स ने नया रोमांटिक भोजपुरी गाना ‘प्यार के एहसास होखे दा’ रिलीज कर दिया है। दुबई की खूबसूरत लोकेशन्स पर बड़े पैमाने पर फिल्माए गए इस गाने को सिंगर सृष्टि भारती ने अपनी मधुर आवाज दी है। गाने में अभिनेत्री माही श्रीवास्तव और अभिनेता मो. ताहिर हफीज की रोमांटिक केमिस्ट्री देखने को मिल रही है।
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुए इस गाने को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। गाने में माही श्रीवास्तव अपने ग्लैमरस अंदाज और शानदार डांस मूव्स से दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं, वहीं मो. ताहिर हफीज ने भी अपने अभिनय से प्रभावित किया है।
गाने की शूटिंग संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर की विभिन्न खूबसूरत लोकेशन्स पर की गई है। दुबई की भव्यता और आकर्षक लोकेशन्स ने गाने के वीडियो को खास विजुअल अपील दी है।
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स प्रस्तुत इस गाने के निर्माता रत्नाकर कुमार हैं। गीतकार अर्जुन शर्मा और संगीतकार गोलू सिंह हैं। प्रोजेक्ट नवरत्न पांडेय ने तैयार किया है। वीडियो का निर्देशन एवं डीओपी राजन वर्मा ने किया है, जबकि संपादन पंकज साव ने किया है। डीआई रोहित सिंह, प्रोडक्शन अक्षय कपूर (दुबई) और जेबुद्दीन का है। हेयर पीहू कौर और मेकअप इंद्रजीत दास ने किया है। गाने के सभी अधिकार वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के पास हैं।
वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स के एमडी एवं फिल्म निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा, “भोजपुरी फिल्मों और गानों की विश्वस्तरीय पहचान मजबूत करने के लिए हमेशा कुछ नया और बड़े कैनवास पर फिल्माना जरूरी है। बेहतरीन और उच्च स्तर का कंटेंट दर्शकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ही दुबई में इस गाने की शूटिंग की गई है। हमें पूरा भरोसा है कि यह गाना भोजपुरी संगीत प्रेमियों के दिलों को छूएगा और दर्शकों का भरपूर प्यार मिलेगा।”
माही श्रीवास्तव ने कहा, “फैंस और मुझे चाहने वाले मेरे स्टाइलिश अवतार और डांस मूव्स की जमकर तारीफ कर रहे हैं। रोमांटिक और क्लासिक भोजपुरी गानों के शौकीन लोगों के लिए यह गाना बेहतरीन विकल्प साबित होगा। इतने बड़े लेबल के साथ दुबई जाकर अलग-अलग लोकेशन्स पर शूटिंग करने का मौका देने के लिए रत्नाकर कुमार सर को दिल से धन्यवाद।”
सृष्टि भारती ने कहा, “इस गाने का कॉन्सेप्ट और मेकिंग कमाल की है। मेरी आवाज में गाया हुआ यह गाना यादगार बन गया है। इसके लिए रत्नाकर कुमार सर का दिल से धन्यवाद।”

सियासी मियार की रीपोर्ट