दुबई में अमौर के सात युवक फंसे, वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार
किशनगंज, । बेहतर नौकरी और अच्छी कमाई की उम्मीद में दुबई गए अमौर क्षेत्र के सात युवक वहां फंस गए हैं। युवकों ने वीडियो जारी कर पूर्व विधायक मुजाहिद आलम और बिहार सरकार से मदद की गुहार लगाई है। युवकों का आरोप है कि एजेंट नाहिद गनी ने मोजा फैक्ट्री में नौकरी दिलाने का भरोसा देकर प्रत्येक से करीब डेढ़ लाख रुपये लिए, लेकिन दुबई पहुंचने के बाद उन्हें काम नहीं मिला। उनका पासपोर्ट भी एजेंसी ने अपने पास रख लिया है। युवकों के अनुसार वे एक अगस्त को घर से निकले और पांच अगस्त को दुबई पहुंचे। वहां पहुंचने के बाद महज एक दिन खाने की व्यवस्था की गई।इसके बाद कई दिनों तक सड़क किनारे रात गुजारनी पड़ी। फिलहाल वे अजमान बस स्टैंड के पास अपने खर्चे पर रह रहे हैं।
युवकों का कहना है कि अब उनके पास खाने-पीने और रहने तक के पैसे नहीं बचे हैं। लगातार परेशानी के कारण दो दिनों तक भूखे रहने की भी बात कही गई है। वीडियो कॉल पर युवकों ने बताया कि दुबई भेजने से पहले उन्हें मेडिकल कराया गया था और मोजा फैक्ट्री में काम दिलाने की बात कही गई थी। दुबई पहुंचने के बाद एजेंट ने बताया कि फैक्ट्री बंद हो गई है। इसके बाद एजेंसी की ओर से काम दिलाने के नाम पर 2,200 दिरहम और पासपोर्ट जमा करने की मांग की गई।
युवकों का आरोप है कि पैसे देने के बावजूद उन्हें काम नहीं मिला और पासपोर्ट वापस मांगने पर तरह-तरह की शर्तें रखी गईं। युवकों ने एजेंट पर धमकी देने और दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया है। शमशाद नामक युवक का कहना है कि शिकायत का वीडियो सामने आने के बाद एजेंट की ओर से फोन कर उन्हें धमकाया गया तथा वीडियो बनाकर माफी मांगने का दबाव बनाया गया।
दुबई में फंसे युवकों की पहचान दिलफरोज आलम, नासिर आलम, रब्बान खान, दानिश, नाजिश, शमशाद और एक अन्य युवक के रूप में हुई है। वीडियो सामने आने के बाद पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने युवकों से वीडियो कॉल पर बातचीत कर पूरी जानकारी ली। उन्होंने युवकों से पासपोर्ट, वीजा और भुगतान से संबंधित उपलब्ध साक्ष्य भेजने को कहा।
पूर्व विधायक मुजाहिद आलम ने मामले को संबंधित अधिकारियों के समक्ष उठाकर युवकों की सुरक्षित वापसी के लिए प्रयास करने का आश्वासन दिया। युवकों ने सरकार से सुरक्षित घर वापसी या उचित रोजगार दिलाने तथा एजेंट से राशि वापस दिलाने की मांग की है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal