काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचीं मौनी रॉय, बताया महादेव के दर्शन के बाद कैसे दूर हुई ‘चिंता’

मुंबई, । सावन का महीना भगवान शिव के भक्तों के लिए बेहद खास माना जाता है। इस दौरान देशभर के शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ती है और लोग भगवान शिव का आशीर्वाद लेने के लिए दूर-दूर से पहुंचते हैं। बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय भी सावन के इस पवित्र महीने में भगवान शिव की नगरी वाराणसी पहुंचीं। उन्होंने यहां प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन किए और अपनी इस धार्मिक यात्रा की कुछ झलकियां सोशल मीडिया पर फैंस के साथ साझा कीं।
मौनी रॉय ने रविवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम की स्टोरी पर अपनी वाराणसी यात्रा के कुछ छोटे वीडियो साझा किए। इनमें से एक वीडियो में अभिनेत्री अपनी एक दोस्त के साथ रिक्शे में बैठकर वाराणसी की गलियों में घूमती दिखाई दीं। वह शहर की गलियों और वहां के माहौल का आनंद लेते हुए काफी खुश नजर आईं। इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ के दर्शन को लेकर भी अपनी खुशी जाहिर की।
मौनी ने कहा, ”मुझे काशी विश्वनाथ के बेहद सुंदर दर्शन करने का मौका मिला। सावन के महीने में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करना मेरे लिए खास अनुभव रहा। लेकिन इस धार्मिक यात्रा के बीच एक चिंता भी मेरे मन में बनी हुई थी। मुझे डर था कि कहीं वाराणसी में घूमने और मंदिर के दर्शन करने के चक्कर में मेरी फ्लाइट न छूट जाए।”
अगली स्टोरी में मौनी ने खुद ही इस चिंता का जवाब भी दिया। उन्होंने विमान के अंदर बैठकर एक तस्वीर साझा की। इस तस्वीर में अभिनेत्री के चेहरे पर बड़ी सी मुस्कान नजर आ रही है। उन्होंने लिखा, ”आखिरकार मैं समय पर एयरपोर्ट पहुंच गई और मेरी फ्लाइट भी नहीं छूटी। हर हर महादेव।”
काशी विश्वनाथ के दर्शन के दौरान मौनी रॉय के पारंपरिक अंदाज ने लोगों का ध्यान खींचा। अभिनेत्री ने सूट पहना हुआ था। उन्होंने हल्का मेकअप किया हुआ था और कानों में सुनहरे झुमके पहने थे। उनके माथे पर चंदन का तिलक भी दिखाई दे रहा था। पूरे लुक में मौनी काफी सुंदर नजर आ रही थीं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal