पांव में खिंचाव के कारण युकी भांबरी का कोरिया के खिलाफ डेविस कप में खेलना संदिग्ध

नई दिल्ली, 11 सितंबर । अमेरिकी ओपन में मैच से पहले अभ्यास के दौरान दाहिने पांव में खिंचाव आने के कारण भारत के युकी भांबरी का सोल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ डेविस कप टेनिस टूर्नामेंट के मुकाबले में खेलना संदिग्ध है।
भांबरी बृहस्पतिवार की रात को कोरिया के लिए रवाना हुए भारतीय खिलाड़ियों के पहले बैच के साथ सोल नहीं गए। इससे उनके इस महत्वपूर्ण मुकाबले में खेलने को लेकर अनिश्चितता बढ़ गई है। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाली टीम आठ टीमों के एलीट डेविस कप फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी।
भांबरी ने इसे मामूली मोच बताया। इस भारतीय खिलाड़ी ने कहा कि इस महीने के आखिर में शुरू वाले एशियाई खेलों में उनकी भागीदारी को कोई खतरा नहीं है।
भांबरी ने कहा, ‘‘अमेरिकी ओपन में मुख्य ड्रॉ के मैच से पहले अभ्यास के दौरान मेरे पांव में खिंचाव आ गया था। यह मामूली चोट है। मेरे पूरी तरह फिट होने के लिए कोई समयसीमा तय नहीं है, लेकिन यह कोई गंभीर चोट नहीं है।’’
भांबरी की स्थिति पर प्रतिदिन नजर रखी जा रही है। वह अपनी फिटनेस का आकलन करने के लिए देबाशीष दास और यश पांडे सहित भारतीय डेविस कप टीम के सहयोगी स्टाफ के संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अभी भी दर्द है। हमें दिन प्रतिदिन इसका आकलन करना होगा। देखते हैं कि आगे क्या होता है।’’
इस चोट से हालांकि भांबरी की एशियाई खेलों में भागीदारी खतरे में पड़ने की उम्मीद नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से एशियाई खेलों में भाग लूंगा। तब तक मैं पूरी तरह फिट हो जाऊंगा। यह देखना बाकी है कि मैं डेविस कप में खेल पाऊंगा या नहीं।’’
यदि भांबरी समय पर ठीक नहीं हो पाते हैं तो भारत युगल में वैकल्पिक संयोजनों पर विचार कर सकता है। इसमें एन श्रीराम बालाजी और एकल विशेषज्ञ दक्षिणेश्वर सुरेश की जोड़ी बनाना भी शामिल है।
सिद्धार्थ रावत और अर्नव पपार्कर टीम में रिजर्व खिलाड़ी हैं, लेकिन वे एकल में खेलते हैं।
अखिल भारतीय टेनिस संघ (एआईटीए) के सूत्रों के अनुसार कप्तान रोहित राजपाल के अनुरोध पर बाएं हाथ के खिलाड़ी अनिरुद्ध चंद्रशेखर को सोल में टीम से जुड़ने के लिए कहा जा चुका है। उनके पास कोरिया का वीजा भी है। एआईटीए ने निकी पूनाचा के लिए भी वीजा का आवेदन किया है।
भांबरी ने कहा, ‘‘हम युगल में कोरिया को हराने में सक्षम हैं। भारत में युगल खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है।’’
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal