Tuesday , September 22 2026

एसआईआर अभियान में निर्वाचन आयुक्त संधू, एस. जयशंकर और लालकृष्ण आडवाणी सहित कई दिग्गजों को नोटिस जारी

एसआईआर अभियान में निर्वाचन आयुक्त संधू, एस. जयशंकर और लालकृष्ण आडवाणी सहित कई दिग्गजों को नोटिस जारी

नई दिल्ली, राजधानी दिल्ली में मतदाता सूचियों के चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान ने प्रशासनिक गलियारों में भारी हलचल पैदा कर दी है। इस प्रक्रिया के तहत देश के निर्वाचन आयुक्त डॉ. एसएस संधू, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी, आप नेता मनीष सिसोदिया समेत कई सेवारत और सेवानिवृत्त शीर्ष नौकरशाहों, केंद्रीय सचिवों व दिग्गज हस्तियों को नोटिस जारी किए गए हैं। मतदान सूचियों में डेटा की विसंगतियों और पिछले रिकॉर्ड से मिलान न होने के कारण इन नामी हस्तियों को अपनी जानकारी और दस्तावेजों को सत्यापित कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विदेश सचिव, सेबी अध्यक्ष और सीएजी सहित कई सेवारत सचिव स्तर के अधिकारी भी सूची की चपेट में, 33 लाख से अधिक को मिले नोटिस

दिल्ली कैंट विधानसभा क्षेत्र के न्यू मोती बाग मतदान केंद्र पर, जहां अधिकांश वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवास स्थित हैं, कुल 593 मतदाताओं को नोटिस थमाए गए हैं। इसी सूची में निर्वाचन आयुक्त एसएस संधू के अलावा विदेश सचिव विक्रम मिस्री, सेबी अध्यक्ष तुहिन कांता पांडे, स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव और सीएजी के. संजय मूर्ति जैसे कई प्रमुख नाम शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पनगढ़िया, पूर्व रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और सांसद बांसुरी स्वराज जैसी हस्तियों को भी दस्तावेजों के मिलान में अंतर के चलते नोटिस भेजा गया है।
निर्वाचन आयोग ने कहा— घबराने की जरूरत नहीं, 29 अक्टूबर तक आपत्तियों का निस्तारण कर 4 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम वोटर लिस्ट

इस हाई-प्रोफाइल सूची के सामने आने के बाद उठ रहे सवालों के बीच निर्वाचन आयोग ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि नोटिस मिलने मात्र से किसी का नाम मतदाता सूची से काटा नहीं जाएगा। यह केवल डेटा में लॉजिकल डिसक्रिपेंसीज के कारण एक रूटीन सत्यापन प्रक्रिया है। प्रभावित मतदाता संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO) के समक्ष अपने जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत कर प्रविष्टियों को ठीक करा सकते हैं। प्रशासन के मुताबिक, पूरे अभियान के तहत 33 लाख से अधिक नोटिस भेजे गए हैं और 29 अक्टूबर तक सभी मामलों का निस्तारण कर 4 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया जाएगा।

सियासी मियार की रीपोर्ट