Saturday , October 10 2026

वित्तीय बाजारों के लिए तकनीकी परामर्श समिति बनाएगा रिजर्व बैंक

वित्तीय बाजारों के लिए तकनीकी परामर्श समिति बनाएगा रिजर्व बैंक

मुंबई, 07 अक्टूबर। भारतीय रिजर्व बैंक ने तेजी से बदलते वित्तीय बाजारों और बुनियादी ढांचे को देखते हुए वित्तीय बाजारों के लिए एक तकनीकी परामर्श समिति गठित करने का फैसला किया है।

यह समिति केंद्रीय बैंक, बाजार प्रतिभागियों और वित्तीय क्षेत्र से जुड़े अन्य संबंधित पक्षों के बीच विचार-विमर्श के लिए एक मंच के रूप में काम करेगी।

केंद्रीय बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बुधवार को चालू वित्त वर्ष की चौथी द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा की जानकारी देते हुए कहा, ‘‘तेजी से बदलते वित्तीय बाजारों और बुनियादी ढांचे को देखते हुए वित्तीय बाजारों के लिए एक तकनीकी परामर्श समिति गठित करने का फैसला किया गया है।’’

उन्होंने विकासात्मक और नियामकीय नीतियों की जानकारी देते हुए कहा, ‘‘समिति मुद्रा, सरकारी प्रतिभूतियों और विदेशी मुद्रा बाजारों के साथ-साथ इनसे जुड़े डेरिवेटिव (वायदा एवं विकल्प) बाजारों और बुनियादी ढांचे से संबंधित नीतिगत और परिचालन मामलों पर बाजार प्रतिभागियों तथा अन्य संबंधित पक्षों के साथ संरचनात्मक विचार-विमर्श के लिए एक मंच के रूप में काम करेगी।’’

केंद्रीय बैंक ने कहा कि तकनीकी परामर्श समिति की संरचना और उसके कामकाज का दायरा अलग से अधिसूचित किया जाएगा।

सियासी मियार की रीपोर्ट