Wednesday , October 7 2026

जियोहॉटस्टार ने स्टार्जप्ले के साथ साझेदारी में पश्चिम एशिया, उत्तर अफ्रीका में प्रवेश किया

जियोहॉटस्टार ने स्टार्जप्ले के साथ साझेदारी में पश्चिम एशिया, उत्तर अफ्रीका में प्रवेश किया

नई दिल्ली/दुबई, 07 अक्टूबर । जियोहॉटस्टार ने स्टार्जप्ले के साथ साझेदारी में पश्चिम एशिया और उत्तरी अफ्रीका (एमईएनए) क्षेत्र में अपनी शुरुआत करने की घोषणा की है। इससे कंपनी का अंतरराष्ट्रीय विस्तार और बढ़ेगा।

जियोहॉटस्टार के 50 करोड़ से अधिक सक्रिय उपयोगकर्ता हैं। कंपनी ने पिछले महीने दक्षिण एशियाई प्रवासियों को लक्षित करते हुए अपनी वैश्विक विस्तार योजना के तहत ब्रिटेन, कनाडा और सिंगापुर के बाजारों में उतरने की घोषणा की थी।

संयुक्त बयान में कहा गया, ‘‘एमईएनए क्षेत्र के दर्शकों को अब जियोहॉटस्टार के नए मूल कार्यक्रम देखने को भी मिलेंगे। इन कार्यक्रमों में 10 भाषाओं तक के ऑडियो ट्रैक, जियोस्टार टीवी चैनलों के लोकप्रिय टेलीविजन कार्यक्रम, ब्लॉकबस्टर फिल्में और देश के कुछ सबसे बड़े रियलिटी कार्यक्रम शामिल होंगे।’’

बयान में कहा गया कि इसकी सामग्री हिंदी, मलयालम, तमिल, तेलुगू, बांग्ला और अन्य भाषाओं में होगी।

जियोस्टार में अंतरराष्ट्रीय कारोबार के प्रमुख अमित मल्होत्रा ने कहा, ‘‘ब्रिटेन, कनाडा और सिंगापुर में जियोहॉटस्टार को मिली शुरुआती मजबूत प्रतिक्रिया ने भारतीय मनोरंजन के वैश्विक अवसर में हमारे विश्वास को मजबूत किया है। जियोहॉटस्टार को एक वैश्विक स्ट्रीमिंग मंच के रूप में विकसित करते हुए एमईएनए हमारा अगला महत्वपूर्ण बाजार है।’’

स्टार्जप्ले के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) माज शेख ने कहा कि एमईएनए में स्ट्रीमिंग के विकास का अगला चरण उन मंच से तय होगा, जो सही ब्रांड को एक साथ लाकर दर्शकों के अनुभव को अधिक मूल्यवान बनाते हैं।

सियासी मियार की रीपोर्ट