Saturday , October 10 2026

सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर सीमाओं पर हाई अलर्ट, चिल्ला बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा, धारा 163 लागू

सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली-एनसीआर सीमाओं पर हाई अलर्ट, चिल्ला बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा, धारा 163 लागू

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर सीजेपी के आह्वान पर होने वाले प्रदर्शन के मद्देनजर गौतम बुद्ध नगर पुलिस और दिल्ली पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद हो गई है। दिल्ली से सटे सभी बॉर्डरों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। खासकर चिल्ला बॉर्डर और अन्य प्रमुख प्रवेश द्वारों पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने बॉर्डर पर सीमेंटेड बैरिकेड भी लगाए है। इसके अलावा कंपनियों में भी नजर रखी जा रही है। ड्रोन की मदद से चप्पे चप्पे की निगरानी की जा रही है। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीमेंटेड बैरिकेड्स लगाए गए हैं। इन बैरिकेड्स के साथ-साथ लोहे के बैरिकेड्स भी लगाए गए हैं। सुरक्षा के इस घेरे को और पुख्ता करने के लिए पीएसी की तीन कंपनियां तैनात की गई हैं।

सुबह से ही दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की गहन जांच की जा रही है। प्रत्येक वाहन को चेक करने के बाद ही आगे जाने दिया जा रहा है, जिससे सीमा पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं और यातायात धीमा चल रहा है। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए धारा 163 लागू कर दी है। इसके अलावा, सभी मेट्रो स्टेशनों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है। संवेदनशील क्षेत्रों और कंपनियों के आसपास भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करते हुए ड्रोन की मदद से चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।

नोएडा के चिल्ला बॉर्डर पर भारी संख्या में अर्धसैनिक बलों और दिल्ली पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। बैरिकेड्स पर एक बड़ा नोटिस भी लगाया गया है, जिसमें पुलिस द्वारा जनहित में धारा 163 बीएनएसएस लागू किए जाने की जानकारी दी गई है। नोटिस में प्रदर्शनकारियों को चेतावनी दी गई है कि वे धरना-प्रदर्शन, जुलूस, हंगामा या किसी भी प्रकार की भीड़ एकत्रित न करें। साथ ही, बिना अनुमति के कोई भी सभा या प्रदर्शन न करने की हिदायत दी गई है। नोटिस में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा बलों ने बॉर्डर पर एक बड़ा टेंट भी लगाया है, जहां से पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जा रही है। सड़क पर लगे बैरिकेड्स के चलते वाहनों को रोक-रोक कर चेक किया जा रहा है। पुलिसकर्मी यातायात को संभाल भी रहे हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सभी इकाइयां तैयार हैं। यात्रियों से अपील की गई है कि वे बिना जरूरी काम के दिल्ली की ओर रुख न करें और अगर यात्रा करना जरूरी हो तो पहले यातायात की स्थिति की जानकारी ले लें। सुरक्षा एजेंसियां लगातार सोशल मीडिया और संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए हैं ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

सियासी मियार की रीपोर्ट