सिक्किम, उत्तरी बंगाल में बर्फबारी…

गंगटोक/जलपाईगुड़ी, 05 फरवरी । सिक्किम और निकटवर्ती उत्तरी बंगाल के कई हिस्सों में हुई ताजा बर्फबारी के कारण हिमालयी और दुआर्स क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को बताया कि गंगटोक और उसके आस-पास के ऊपरी इलाकों, दक्षिण सिक्किम के रालांग और रवांगला, पश्चिम सिक्किम के चेवांगभांजयांग, ओखरे, हिले एवं बरसे और उत्तरी सिक्किम के कई इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को तड़के बर्फबारी हुई।
पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के दार्जिलिंग, चातकपुर, घूम, संदकफू एवं फालुत और पड़ोसी कलिम्पोंग जिले के लावा में भी बर्फबारी हुई। दुआर्स क्षेत्र के जलपाईगुड़ी, कूचबिहार और अलीपुरद्वार जिलों में सर्द हवाओं के साथ बारिश हुई।
कोहरा छाए रहने और कम दृश्यता के कारण लोगों को घरों में ही रहने पर मजबूर होना पड़ा।
गंगटोक में भारत मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक गोपीनाथ राहा ने कहा, ‘‘मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुआ था। स्थिति में शनिवार शाम से सुधार होने की उम्मीद है।’’
मौसम वैज्ञानिक ने कहा, ‘‘गंगटोक में न्यूनतम तापमान 1.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गंगटोक-ताडोंग स्टेशन में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।’
’सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal