झारखंड के लोहरदगा में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान झड़प: एक व्यक्ति की मौत, 12 अन्य घायल…

लोहरदगा (झारखंड), 11 अप्रैल। झारखंड के लोहरदगा जिले के हिरही भोक्ता बगीचा इलाके के पास रामनवमी के अवसर पर शोभायात्रा के दौरान हिंसा में एक व्यक्ति की मौत हो गई और 12 अन्य लोग घायल हो गए। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) अरविंद कुमार लाल ने बताया कि लोहरदगा शहर में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है और पूरे जिले में दण्ड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 लागू कर दी गई है।
जिला अधिकारियों के अनुसार, रामनवमी के जुलूस पर पथराव करने के बाद रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे हिरही गांव के पास दो समुदायों के सदस्यों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान 10 मोटरसाइकिल और एक वैन में आग लगा दी गई। जिला अधिकारियों और पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में करीब एक घंटा लगा।
लोहरदगा के पुलिस उपायुक्त (डीसी) वाघमारे प्रसाद कृष्ण और पुलिस अधीक्षक प्रियंका मीणा फिलहाल स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
अनुमंडल अधिकारी (एसडीओ) अरविंद कुमार लाल ने कहा, ‘‘ स्थिति अब नियंत्रण में है। कहीं कोई उपद्रव नहीं है। अफवाहें फैलने से रोकने के लिए, शहर क्षेत्र में इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया गया है और जिले में धारा 144 लागू कर दी गई है। पूरी तरह से आश्वस्त होने के बाद ही इंटरनेट सेवाएं बहाल की जाएंगी।’’
उन्होंने बताया कि तीन लोगों की हालत गंभीर है और उनका रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में इलाज चल रहा है। अन्य छह घायल लोहरदगा के स्थानीय अस्पतालों में भर्ती हैं।
लाल ने कहा, ‘‘ हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत हो गई। 12 अन्य मामूली या गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक की पहचान की जा रही है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, वह चंदवा का निवासी था।’’
सियासी मीयार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal