Saturday , September 21 2024

मीनाक्षी लेखी ने पनामा में भारतीय समुदाय के साथ की बातचीत…

मीनाक्षी लेखी ने पनामा में भारतीय समुदाय के साथ की बातचीत…

पनामा सिटी/नई दिल्ली, 01 मई विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने पनामा की राजधानी पनामा सिटी में भारतीय समुदाय के साथ बातचीत की और वहां एक हिंदू मंदिर में गरबा नृत्य में भाग लिया।

पनामा की आधिकारिक यात्रा पर पहुंची सुश्री लेखी ने रविवार को एक ट्वीट में कहा कि यहां का भारतीय समुदाय पनामा के समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। लैटिन अमेरिका और कैरिबियाई देश में करीब 14,000 भारतीय रहते हैं।

उन्होंने कहा, “पनामा में भारतीय समुदाय से मिलकर और उनके साथ बातचीत करके प्रसन्नता हुई। भारतीय मूल की महिला एवं सरकार की मंत्री जनैना तेवनी मेनकोमो को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए धन्यवाद दिया। पनामा में भारतीय समुदाय ने पनामा के समाज और अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी है और आगे भी निभाना जारी रखा है।”

हिंदू मंदिर की अपनी यात्रा पर उन्होंने कहा, “पनामा में हिंदू मंदिर में हार्दिक स्वागत किया गया। मुझे 1979 में निर्मित इस मंदिर के दर्शन करने वाली पहली मंत्री होने का सम्मान मिला है। मंदिर के पास एक पौधा लगाया। यह देखकर खुशी हुई कि कई दशक पहले पनामा आये भारतीय समुदाय ने अपने लोकाचार और संस्कृति को बनाये रखा है।”

सुश्री लेखी ने कहा, “हिंदू मंदिर में महिलाओं के साथ कुछ अद्भुत क्षण साझा किये और पारंपरिक गरबा नृत्य में उनके साथ हिस्सा लिया।”

उन्होंने वहां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में भी भाग लिया। उन्होंने कहा, “पनामा सिटी के सिंटा कोस्टेरा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2022 से पहले आयोजित एक कार्यक्रम के साथ दिन की शानदार शुरुआत की। इसमें शामिल होने के लिए संस्कृति मंत्री गिजेले गोंजालेज और विदेश उप मंत्रियों को धन्यवाद। स्थानीय योग उत्साही लोगों का उत्साह देखकर प्रसन्नता हुई। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस में 52 दिन शेष हैं।”

विदेश राज्य मंत्री ने शनिवार को पनामा की विदेश मंत्री एरिका मौयनेस और संस्कृति मंत्री गिजेले गोंजालेज से बातचीत की। उन्होंने पनामा नहर का भी दौरा किया।

सियासी मियार की रिपोर्ट