सड़कें बंद होने के कारण मध्य दिल्ली में यातायात होगा प्रभावित..

नई दिल्ली, 21 जून। ‘नेशनल हेराल्ड’ अखबार से जुड़े धनशोधन मामले की जांच के सिलसिले में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष मंगलवार को पांचवीं बार पेश होने के मद्देनजर मध्य दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित होगा।
दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा कि लोगों को असुविधा नहीं हो, इसके लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। उसने यात्रियों को कुछ विशेष मार्गों पर जाने से बचने की सलाह दी। उसने ट्वीट किया कि सुबह आठ बजे से 12 बजे तक मोतीलाल नेहरू मार्ग, अकबर रोड, जनपथ और मान सिंह रोड पर यातायात का आवागमन संभव नहीं होगा।
पुलिस ने ट्वीट किया, ‘‘कृपया सुबह आठ बजे से दोपहर 12 बजे के बीच गोल मेथी जंक्शन, तुगलक रोड जंक्शन, क्लेरिजेस जंक्शन, क्यू-प्वाइंट जंक्शन, सुनहरी मस्जिद जंक्शन, मौलाना आज़ाद रोड जंक्शन और मान सिंह रोड जंक्शन की ओर से जाने से बचें। विशेष प्रबंधों के कारण इन सड़कों पर यातायात की भारी आवाजाही होगी।’’
यातायात पुलिस ने एक अन्य ट्वीट में बताया कि गोल डाक खाना जंक्शन, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, तीन मूर्ति चौक और पृथ्वीराज रोड से आगे बसों का जाना प्रतिबंधित होगा।
उसने कहा, ‘‘विशेष यातायात व्यवस्था के कारण कृपया सुबह छह से नौ बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग और निषादराज मार्ग पर जाने से बचें।’’ यातायात पुलिस ने कहा, ‘‘विशेष यातायात व्यवस्था के कारण कृपया अपराह्न बारह बज कर 45 मिनट से एक बज कर पंद्रह मिनट तक एस पी मार्ग, धौला कुआं फ्लाईओवर और गुड़गांव रोड पर जाने से बचें।’’
सियासी मियार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal