संरा महासचिव की रूस से यूक्रेन में युद्ध खत्म करने की अपील.

न्यूयॉर्क, 24 फरवरी। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि युद्ध किसी समस्या का समाधान नहीं है। यह कई समस्याओं को पैदा करता है। उन्होंने रूस से यूक्रेन में युद्ध खत्म करने की अपील की है। यह अपील उन्होंने यूक्रेन पर आयोजित संयुक्त राष्ट्र महासभा के आपात सत्र में की। उल्लेखनीय है कि 24 फरवरी को इस युद्ध का साल पूरा हो गया।
गुटेरेस ने कहा कि यूक्रेन के लोग पिछले एक साल से तमाम तरह की समस्याएं झेल रहे हैं। अब यूक्रेन, रूस और बाकी दुनिया के लोग शांति चाहते हैं। इस समय जबकि यूक्रेन में युद्ध चल रहा है तब दुनिया को संयुक्त राष्ट्र की मान्यताओं और अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रविधानों का पालन करते हुए शांति स्थापित करने के लिए प्रयास करने चाहिए। यूक्रेन में युद्धविराम इसलिए भी जरूरी है क्योंकि लंबे समय तक चलने वाले युद्ध से तमाम विकृतियां पैदा हो जाती हैं जिनका असर दशकों तक रहता है।
उधर, जी7 देशों के वित्त मंत्रियों ने गुरुवार को यूक्रेन के लिए इस समूह की ओर से आर्थिक सहायता बढ़ाकर 39 अरब डॉलर करने की घोषणा की और अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) से मार्च तक इस देश को नया वित्तीय पैकेज देने का आह्वान किया।
जी7 के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंकों के प्रमुखों ने रूसी हमले के एक साल पूरा होने की पूर्व संध्या पर यूक्रेन की आर्थिक स्थिति को लेकर चर्चा की। इस बैठक में यूक्रेन के वित्त मंत्री सर्गिई मार्चेंको ने डिजिटल माध्यम से हिस्सा लिया। जी 7 में फ्रांस, जर्मनी, इटली, ब्रिटेन, कनाडा, जापान और अमेरिका शामिल हैं।
सियासी मीयार की रिपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal