भारत, न्यूजीलैंड ने मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता संपन्न होने की घोषणा की…

भारत और न्यूजीलैंड ने मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर वार्ता संपन्न होने की सोमवार को घोषणा की। इसका मकसद वस्तुओं तथा निवेश में द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देना है। वार्ता इस साल मई में शुरू हुई थी।
न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन ने सोमवार को कहा कि भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते पर वार्ता पूरी हो गई है। इस मुक्त व्यापार समझौते से भारत को निर्यात होने वाले हमारे 95 प्रतिशत उत्पादों पर शुल्क कम हो जाएगा या पूरी तरह से समाप्त हो जाएगा।
लक्सन ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह अनुमान लगाया गया है कि आने वाले दो दशकों में न्यूजीलैंड से भारत को प्रति वर्ष होने वाला निर्यात 1.1 अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने न्यूजीलैंड-भारत मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत संपन्न होने के बाद भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से अभी बात की है।’’
प्रधानमंत्री लक्सन ने कहा, ‘‘यह समझौता दोनों देशों की मजबूत मित्रता पर आधारित है। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और इससे न्यूजीलैंड के व्यवसायों को 1.4 अरब भारतीय उपभोक्ताओं तक पहुंचने का अवसर मिलता है।’’ वित्त वर्ष 2024-25 में द्विपक्षीय व्यापार करीब 1.3 अरब डॉलर था। इसमें भारत का निर्यात 71.11 करोड़ डॉलर और आयात 58.71 करोड़ डॉलर रहा था।
न्यूजीलैंड का औसत आयात शुल्क केवल 2.3 प्रतिशत है, जबकि भारत का 17.8 प्रतिशत है। न्यूजीलैंड की 58.3 प्रतिशत शुल्क श्रेणियां पहले से ही शुल्क मुक्त हैं। न्यूजीलैंड को भारत का निर्यात व्यापक है लेकिन इसमें ईंधन, वस्त्र एवं दवाइयों का प्रमुख योगदान है।
विमानन टरबाइन ईंधन (एटीएफ) का निर्यात सबसे अधिक 11.08 करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा। इसके बाद वस्त्र, कपड़े व घरेलू वस्त्रों का निर्यात 9.58 करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा। दवाओं का मूल्य 5.75 करोड़ अमेरिकी डॉलर जबकि ‘टर्बोजेट’ सहित मशीनरी का योगदान 5.18 करोड़ अमेरिकी डॉलर था। पेट्रोलियम उत्पाद भी एक प्रमुख घटक है जिनमें डीजल का निर्यात 4.78 करोड़ अमेरिकी डॉलर तथा पेट्रोल का निर्यात 2.27 करोड़ डॉलर रहा।
अन्य प्रमुख निर्यात में मोटर वाहन व उनके कलपुर्जे (1.93 करोड़ डॉलर), कागज व ‘पेपरबोर्ड’ (1.83 करोड़ डॉलर), इलेक्ट्रॉनिक (1.65 करोड़ डॉलर), लोहा व इस्पात (1.41 करोड़ डॉलर), झींगे (1.37 करोड़ डॉलर), बासमती चावल (1.19 करोड़ डॉलर) और सोने के आभूषण (99 लाख डॉलर) शामिल हैं।
इसके विपरीत, भारत को न्यूजीलैंड के निर्यात में कच्चे माल व कृषि संबंधी वस्तुओं का वर्चस्व है। लकड़ी एवं लकड़ी से बने उत्पाद (7.84 करोड़ डॉलर) तथा लकड़ी का गूदा (3.98 करोड़ अमेरिकी डॉलर) कागज, पैकेजिंग एवं निर्माण क्षेत्रों में संबंधों को दर्शाते हैं।
इस्पात के कबाड़ (स्क्रैप) का निर्यात 7.12 करोड़ डॉलर तक पहुंचा जबकि एल्युमीनियम कबाड़ का कुल निर्यात 4.29 करोड़ डॉलर रहा जो भारत की पुनर्चक्रित धातु सामग्री पर निर्भरता को दर्शाता है। ऊर्जा व भारी उद्योग में, कोकिंग कोयले का निर्यात 4.88 करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा, साथ ही उच्च मूल्य वाले ‘टर्बोजेट’ इंजन का निर्यात 6.62 करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा।
कृषि एवं पशु-आधारित उत्पाद भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं जिनमें ऊन (4.73 करोड़ अमेरिकी डॉलर), दूध ‘एल्ब्यूमिन’ (3.21 करोड़ अमेरिकी डॉलर), सेब (3.28 करोड़ अमेरिकी डॉलर) और कीवी फल (1.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर) प्रमुख हैं। सेवाओं का व्यापार दोनों देशों के संबंधों का एक अधिक महत्वपूर्ण स्तंभ है।
वित्त वर्ष 2023-24 में, भारत द्वारा न्यूजीलैंड को सेवाओं का निर्यात 21.41 करोड़ अमेरिकी डॉलर रहा जबकि न्यूजीलैंड द्वारा भारत को सेवाओं का निर्यात 45.65 करोड़ अमेरिकी डॉलर था। भारत की ताकत सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) व सॉफ्टवेयर सेवाओं, दूरसंचार सहायता, स्वास्थ्य सेवा तथा वित्तीय सेवाओं में निहित है। न्यूजीलैंड के सेवा निर्यात में शिक्षा का दबदबा है जो भारतीय छात्रों द्वारा संचालित है। इसके बाद पर्यटन, वित्तीय प्रौद्योगिकी (फिनटेक) समाधान एवं विशेष विमानन प्रशिक्षण का स्थान है।
भारत-न्यूजीलैंड मुक्त व्यापार समझौते की मुख्य बातें….
-भारत के 100 प्रतिशत निर्यात पर शून्य शुल्क वाली बाजार पहुंच। भारत ने 70 प्रतिशत श्रेणियों में शुल्क उदारीकरण की पेशकश की है जिसके दायरे में भारत–न्यूजीलैंड द्विपक्षीय व्यापार का 95 प्रतिशत हिस्सा आता है।
-यह बाजार पहुंच भारत के श्रम-प्रधान क्षेत्रों जैसे वस्त्र, परिधान, चमड़ा, जूते, समुद्री उत्पाद, रत्न एवं आभूषण, हस्तशिल्प, इंजीनियरिंग सामान तथा मोटर वाहन की प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ाती है।
-किसी भी विकसित देश के साथ सबसे तेजी से संपन्न हुआ यह मुक्त व्यापार समझौता, वस्त्र, दवा, चमड़ा, इंजीनियरिंग सामान एवं कृषि उत्पादों सहित सभी भारतीय निर्यातों के लिए वर्ष का शानदार समापन सुनिश्चित करता है।
-5,000 पेशेवरों के लिए अस्थायी रोजगार प्रवेश वीजा और 1,000 कार्य एवं अवकाश वीजा का समर्पित कोटा।
-न्यूजीलैंड ने अगले 15 वर्ष में भारत में 20 अरब अमेरिकी डॉलर के निवेश को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई है।
-उत्पादकता बढ़ाने के लिए न्यूजीलैंड द्वारा सेब, कीवी फल और शहद के लिए उत्कृष्टता केंद्रों के जरिये कृषि उत्पादकता साझेदारी की स्थापना।
-भारत के विनिर्माण क्षेत्र के लिए शुल्क मुक्त कच्चे माल: लकड़ी के लट्ठे, कोकिंग कोयला, धातुओं का अपशिष्ट एवं कबाड़ (स्क्रैप) ।
-आयुष, संस्कृति, मत्स्य पालन, ऑडियो-विजुअल पर्यटन, वानिकी, बागवानी और पारंपरिक ज्ञान प्रणालियों में सहयोग पर सहमति बनी है।
-शुल्क उदारीकरण के अलावा, मुक्त व्यापार समझौते में बेहतर नियामक सहयोग के माध्यम से गैर-शुल्क बाधाओं को दूर करने के प्रावधान भी शामिल हैं।
-2024-25 में द्विपक्षीय माल व्यापार 1.3 अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया, जबकि वस्तुओं व सेवाओं का कुल व्यापार 2024 में करीब 2.4 अरब अमेरिकी डॉलर रहा। इसमें केवल सेवाओं का योगदान 1.24 अरब अमेरिकी डॉलर था।
सियासी मियर की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal