बजाज ऑटो ने टू-व्हीलर मार्केट में किया जबरदस्त प्रदर्शन

नई दिल्ली, 08 फरवरी । भारत के दोपहिया वाहन बाजार में बजाज ऑटो लिमिटेड ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया। बजाज ऑटो कंपनी की जनवरी 2026 में कुल बिक्री 4,77,422 यूनिट्स रही, जो पिछले साल जनवरी में 3,81,040 यूनिट्स थी। यह आंकड़ा सालाना आधार पर 25 फीसदी की बढ़ोतरी दर्शाता है और बजाज के लिए इस साल की बेहतरीन शुरुआत साबित हुआ। बजाज ऑटो की घरेलू बिक्री जनवरी में 2,61,975 यूनिट्स रही, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 2,08,359 यूनिट्स थी, जो 26 फीसदी ज्यादा है।
टू-व्हीलर सेगमेंट में कंपनी को घरेलू बाजार में 2,14,727 यूनिट्स की बिक्री मिली, जो पिछले साल जनवरी के 1,71,299 यूनिट्स की तुलना में 25 फीसदी अधिक है। वहीं, टू-व्हीलर का एक्सपोर्ट भी बढ़ा और जनवरी 2026 में यह 1,91,568 यूनिट्स रहा, जो पिछले साल जनवरी के 1,57,114 यूनिट्स की तुलना में 22 फीसदी अधिक है। कमर्शियल व्हीकल सेगमेंट में भी कंपनी का प्रदर्शन शानदार रहा। जनवरी 2026 में कुल कमर्शियल व्हीकल की बिक्री 71,127 यूनिट्स रही, जो पिछले साल इसी महीने के 52,627 यूनिट्स की तुलना में 35 फीसदी बढ़ोतरी दर्शाती है।
घरेलू बाजार में कमर्शियल व्हीकल की बिक्री 47,248 यूनिट्स रही, जबकि एक्सपोर्ट 23,879 यूनिट्स रहा, जो पिछले साल के 15,567 यूनिट्स से 53 फीसदी ज्यादा है। बजाज ऑटो की यह बढ़ोतरी उसके मजबूत प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और बाजार में लगातार मांग को दर्शाती है। कंपनी की टू-व्हीलर और कमर्शियल व्हीकल दोनों ही सेगमेंट में शानदार प्रदर्शन ने उसे नए साल की शुरुआत में ही सफलता की दिशा में अग्रणी बना दिया है। बता दें कि नए साल 2026 की शुरुआत ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए शानदार रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal