प्रभास की फिल्म ‘स्पिरिट’ से दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज हुए बाहर; दीपिका पादुकोण के बाद अब डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा के साथ अनबन की खबरें आईं सामने

साउथ सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित मेगा फिल्म ‘स्पिरिट’ को लेकर एक चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म से दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज बाहर हो गए हैं। बताया जा रहा है कि सेट पर शूटिंग के तौर-तरीकों और कुछ दृश्यों को लेकर डायरेक्टर संदीप रेड्डी वांगा और प्रकाश राज के बीच तीखी बहस हुई थी। यह असहमति इतनी बढ़ गई कि अंततः मेकर्स ने उन्हें फिल्म से अलग करने का फैसला लिया। हालांकि, अभी तक न तो प्रोडक्शन टीम और न ही प्रकाश राज ने इस पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है।
‘स्पिरिट’ के सेट पर किसी बड़े कलाकार का प्रोजेक्ट छोड़ना यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले साल 2024 में दीपिका पादुकोण ने भी कड़े शर्तों और फीस के मुद्दे पर फिल्म से किनारा कर लिया था। ओटीटीप्ले की रिपोर्ट की मानें तो प्रकाश राज का प्रोडक्शन टीम के साथ भी तालमेल सही नहीं बैठ रहा था, जिससे शूटिंग शेड्यूल प्रभावित हो रहा था। प्रभास के फैंस के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि फिल्म में प्रकाश राज का किरदार काफी दमदार और अहम होने वाला था। अब देखना यह है कि मेकर्स उनकी जगह किस अनुभवी अभिनेता को कास्ट करते हैं।
विवादों के बीच, ‘स्पिरिट’ का बज कम नहीं हुआ है। हाल ही में नए साल पर जारी पोस्टर में प्रभास का जख्मी अवतार और तृप्ति डिमरी का स्वैग फैंस को काफी पसंद आया है। टी-सीरीज और भद्रकाली पिक्चर्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में जबरदस्त एक्शन और इमोशनल ड्रामा देखने को मिलेगा। संदीप रेड्डी वांगा अपनी अलग तरह की स्टोरीटेलिंग के लिए जाने जाते हैं, और ‘स्पिरिट’ को पैन-इंडिया स्तर पर एक बड़ी फिल्म माना जा रहा है। भले ही स्टारकास्ट में बदलाव हो रहे हैं, लेकिन फिल्म की चर्चा सोशल मीडिया पर लगातार बनी हुई है।
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal