Tuesday , March 17 2026

‘मैं तेरे इश्क में’ के रीमेक वर्जन पर मचा हंगामा,53 साल पुराने गाने का रीमेक देख भड़के धर्मेंद्र के फैंस,बोले- यह श्रद्धांजलि नहीं अपमान है”

‘मैं तेरे इश्क में’ के रीमेक वर्जन पर मचा हंगामा,53 साल पुराने गाने का रीमेक देख भड़के धर्मेंद्र के फैंस,बोले- यह श्रद्धांजलि नहीं अपमान है”

बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र ने भले ही आज दुनिया में न हो , लेकिन उनकी फिल्मों और सदाबहार गानों के जरिए वह हमेशा अपने फैंस के दिलों में रहेंगे। धर्मेंद्र का रोमांटिक अंदाज आज भी लोगों को बेहद पसंद आता है। इसी बीच, उनकी 1973 की सुपरहिट फिल्म ‘लोफर’ का एक मशहूर गाना ‘मैं तेरे इश्क में मर ना जाऊं कहीं’ एक बार फिर चर्चा में है। सिंगर दानिश अल्फाज और रैपर बोहेमिया ने इस गाने का रीमेक बनाकर धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने की कोशिश की है, लेकिन इस पर अब बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

हाल ही में ‘मैं तेरे इश्क में 2.O’ नाम से इस गाने का नया वर्जन रिलीज किया गया है। इस म्यूजिक वीडियो में ‘बिग बॉस’ फेम ईशा मालवीय अपने डांस का जलवा बिखेरती नजर आ रही हैं। गाने को महज 2 दिनों में 2 मिलियन से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं। हालांकि, व्यूज मिलने के बावजूद फैंस इस गाने से खुश नहीं हैं। लोगों ने ईशा मालवीय के कपड़ों, उनके डांस स्टेप्स और गाने के रीमेक के तरीके पर कड़ी नाराजगी जताई है। वीडियो के अंत में कलाकार धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देते तो दिखे, लेकिन यूजर्स का कहना है कि यह श्रद्धांजलि कम और गाने का ‘सत्यानाश’ ज्यादा लग रहा है।

सोशल मीडिया पर इस गाने को लेकर यूजर्स के मिले-जुले रिएक्शंस आ रहे हैं। जहाँ कुछ लोग ईशा के डांस की तारीफ कर रहे हैं, वहीं धर्मेंद्र के पुराने फैंस इसे एक लेजेंडरी गाने का अपमान बता रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, ‘यह श्रद्धांजलि है या अश्लीलता?’, वहीं दूसरे ने कहा, ‘गाने का पोस्टमार्टम कर दिया।’ आपको बता दें कि ओरिजिनल गाना आज की युवा पीढ़ी के बीच भी उतना ही लोकप्रिय है, जिसे यूट्यूब पर 106 मिलियन से ज्यादा बार देखा जा चुका है।