सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार रिकवरी; सोना ₹2,000 तो चांदी ₹4,000 प्रति किलो उछली, पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद निवेशकों ने दिखाई वैल्यू बाइंग

नई दिल्ली, 13 फरवरी । शुक्रवार को कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन भारतीय सर्राफा बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में जबरदस्त मजबूती देखी गई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अप्रैल डिलीवरी वाला सोना 1.30% की बढ़त के साथ लगभग 1,54,837 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं, चांदी में और भी शानदार तेजी रही, जहाँ मार्च फ्यूचर्स 2.4% उछलकर 2,42,081 रुपये प्रति किलो पर ट्रेड करता दिखा। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि कल की बड़ी गिरावट के बाद कम कीमतों का फायदा उठाने के लिए निवेशकों ने जमकर खरीदारी (वैल्यू बाइंग) की है, जिससे कीमतों को निचले स्तरों से सहारा मिला है।
घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी कीमती धातुओं की चमक बढ़ी है। यूएस (US) गोल्ड फ्यूचर्स 0.7% बढ़कर 4,985 डॉलर प्रति औंस और स्पॉट चांदी 2.1% की तेजी के साथ 76.76 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। पिछले सत्र यानी 12 फरवरी को चांदी में करीब 9% और सोने में 4% की ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई थी, जिसके बाद आज की रिकवरी राहत भरी रही। भू-राजनीतिक तनाव और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की आगामी नीतियों के बीच डॉलर की स्थिति में बदलाव ने भी सोने-चांदी की चाल को प्रभावित किया है।
भले ही आज बाजार में तेजी देखी जा रही है, लेकिन कीमतें 29 जनवरी को बनाए गए अपने ‘ऑल टाइम हाई’ से काफी नीचे बनी हुई हैं। बता दें कि पिछले महीने चांदी ने 4.20 लाख रुपये प्रति किलो और सोने ने 1.93 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ था। एक्सपर्ट्स का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों का रुख अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों और महंगाई की दर पर निर्भर करेगा। फिलहाल बाजार में उतार-चढ़ाव इतना तीव्र है कि आम खरीदार और बड़े निवेशक दोनों ही फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं और अंतरराष्ट्रीय संकेतों पर करीब से नजर बनाए हुए हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal