अमेरिकी बाक्सर से मिली प्रेरणा को साझा किया फातिमा ने

बॉलीवुड अभिनेत्री फातिमा सना शेख अपने दमदार किरदारों और सोशल मीडिया पोस्ट से लगातार सुर्खियों में रहती हैं। हाल ही में अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर अपनी नई तस्वीरों का एक सेट साझा किया, जिसने फैंस का ध्यान खींच लिया। इन तस्वीरों में फातिमा बॉक्सिंग ग्लव्स पहने रिंग में पोज देती नजर आ रही हैं। उनका लुक बेहद पावरफुल, ऊर्जावान और आत्मविश्वास से भरा हुआ दिख रहा है। लेकिन पोस्ट की आखिरी स्लाइड ने सबका ध्यान खींचा। इसमें उन्होंने महान अमेरिकी बॉक्सर और प्रोफेशनल चैंपियन मोहम्मद अली की एक आइकॉनिक तस्वीर शामिल की है। फातिमा ने कैप्शन में लिखा “तितली की तरह हल्के रहो, और मधुमक्खी की तरह वार करो, मुहम्मद।”
इस पोस्ट से उन्होंने न केवल अपनी फिटनेस और ट्रेनिंग की झलक दिखाई, बल्कि मोहम्मद अली से मिली प्रेरणा को भी साझा किया। उनकी तस्वीरों पर फैंस ने तुरंत प्रतिक्रिया देनी शुरू की और कयास लगाए जाने लगे कि फातिमा शायद अपनी आने वाली किसी फिल्म में बॉक्सर की भूमिका निभाने वाली हैं। हालांकि अभिनेत्री ने इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है, लेकिन उनका पोस्ट दर्शकों में उत्सुकता जरूर बढ़ा रहा है। फातिमा सना शेख ने 1997 में फिल्म ‘चाची 420’ से बाल कलाकार के रूप में शुरुआत की थी।
इसके बाद उन्होंने ‘दंगल’, ‘लूडो’, ‘अजीब दास्तान’ और हाल ही में ‘सैम बहादुर’ जैसी फिल्मों में अपनी दमदार अदाकारी से पहचान बनाई। सोशल मीडिया पर भी वे काफी सक्रिय रहती हैं और फिटनेस, मोटिवेशन और मजेदार कंटेंट से फैंस का मनोरंजन करती रहती हैं। वर्तमान में फातिमा कई नए प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं, जिनका ऐलान जल्द किया जाएगा। हाल ही में वे विजय वर्मा के साथ फिल्म ‘गुस्ताख इश्क’ में नजर आई थीं, जिसमें नसीरुद्दीन शाह और शारिब हाशमी भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में थे।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal