थ्री इडियट्स और मुन्नाभाई एमबीबीएस 3 पर काम शुरू

मुंबई, 15 फरवरी । बॉलीवुड के मशहूर फिल्ममेकर राजकुमार हिरानी ने अपने अगले प्रोजेक्ट्स को लेकर खुशखबरी साझा की है। लंबे समय से फैंस जिन दो फिल्मों के सीक्वल का इंतजार कर रहे थे, उन पर हिरानी ने अब आधिकारिक रूप से काम शुरू कर दिया है। उन्होंने पुष्टि की है कि थ्री इडियट्स के सीक्वल के साथ-साथ मुन्नाभाई एमबीबीएस 3 की स्क्रिप्ट पर भी काम चल रहा है। इडियट्स और मुन्नाभाई एमबीबीएस जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों के जरिए दर्शकों का दिल जीत चुके हिरानी ने बताया कि उनके पास कई आइडियाज हैं और वे एक साथ दोनों फिल्मों की कहानियों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं मुन्नाभाई की स्क्रिप्ट पर काम कर रहा हूं और साथ ही थ्री इडियट्स के सीक्वल पर भी काम कर रहा हूं।” मुन्नाभाई एमबीबीएस 3 को लेकर हिरानी ने बताया कि उनके पास एक बड़ा आइडिया है, लेकिन कहानी का परफेक्ट अंत अभी तक नहीं मिल पाया है। वहीं थ्री इडियट्स के सीक्वल के बारे में उन्होंने बताया कि हाल ही में अचानक उनके दिमाग में एक नया विचार आया, जिसे लेकर वे बेहद उत्साहित हैं। हालांकि, वे इस बात से हैरान भी रहे कि उनका आइडिया किसी तरह खबरों में भी पहुंच गया। हिरानी फिलहाल यह तय नहीं कर पाए हैं कि वे किस प्रोजेक्ट को पहले आगे बढ़ाएंगे।
उन्होंने कहा कि उनके पास तीन से चार स्क्रिप्ट्स हैं और उन्हें जल्द निर्णय लेना होगा कि किस दिशा में पहला कदम रखना है। दोनों ही फ्रेंचाइजी उनकी सबसे सफल और बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल हैं, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।थ्री इडियट्स की बात करें तो यह फिल्म 2009 में रिलीज हुई थी और आमिर खान, आर माधवन, शर्मन जोशी, करीना कपूर और बोमन ईरानी जैसे सितारों से सजी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। आईएमडीबी पर इसकी रेटिंग 8.4 है, जो इसकी लोकप्रियता को दर्शाती है। मुन्नाभाई एमबीबीएस 2003 में रिलीज हुई थी और इसमें संजय दत्त व अरशद वारसी ने अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का दिल जीत लिया था। इसके बाद 2006 में इसका सीक्वल लगे रहो मुन्नाभाई आया, जिसने भी सफलता का झंडा गाड़ा।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal