Tuesday , February 17 2026

ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

ग्लोबल मार्केट से मिले-जुले संकेत, एशिया में भी मिला-जुला कारोबार

नई दिल्ली, 17 फ़रवरी। ग्लोबल मार्केट से आज मिले-जुले संकेत मिल रहे हैं। जॉर्ज वाशिंगटन के जन्मदिन के मौके पर कल अमेरिकी बाजार बंद थे। डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज गिरावट के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यह सूचकांक फिलहाल 153.69 अंक यानी 0.31 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 49,347.24 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान मिला-जुला कारोबार होता रहा। इसी तरह एशियाई बाजार में भी आज फिलहाल मिला-जुला कारोबार हो रहा है।

यूरोपीय बाजार पिछले सत्र के दौरान मिले-जुले परिणाम के साथ बंद हुए। एफटीएसई इंडेक्स 0.26 प्रतिशत की तेजी के साथ 10,473.69 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 0.06 प्रतिशत की मजबूती के साथ 8,316.50 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके विपरीत डीएएक्स इंडेक्स 113.97 अंक यानी 0.46 प्रतिशत टूट कर 24,800.91 अंक के स्तर पर बंद हुआ।

एशियाई बाजार में भी आज मिला-जुला कारोबार हो रहा है। एशिया के नौ बाजार में से तीन के सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि दो सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए हैं। ताइवान, दक्षिण कोरिया, चीन और इंडोनेशिया के स्टॉक एक्सचेंज में छुट्टी होने की वजह से ताइवान वेटेड इंडेक्स, कोस्पी इंडेक्स, शंघाई कंपोजिट इंडेक्स और जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में आज कोई कारोबार नहीं हो रहा है।

हैंग सेंग इंडेक्स 138.82 अंक यानी 0.52 प्रतिशत की तेजी के साथ 26,705.94 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.02 प्रतिशत की सांकेतिक बढ़त के साथ 4,938.58 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है।

दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 88.50 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 25,613 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह सेट कंपोजिट इंडेक्स 0.16 प्रतिशत लुढ़क कर 1,435.80 अंक के स्तर तक गिर गया है। निक्केई इंडेक्स में आज बड़ी गिरावट नजर आ रही है। फिलहाल यह सूचकांक 596.41 अंक यानी 1.05 प्रतिशत टूट कर 56,210 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।

सियासी मियार की रीपोर्ट