चिप कंपनी क्वालकॉम भारतीय स्टार्टअप्स के सपोर्ट के लिए 150 मिलियन डॉलर निवेश करेगी

दिग्गज अमेरिकी चिप कंपनी क्वालकॉम ने सभी प्रकार के भारतीय स्टार्टअप्स के सपोर्ट के लिए 150 मिलियन डॉलर निवेश करने का ऐलान कर दिया है। क्वालकॉम कंपनी ने कहा कि इसके जरिए उनकी कोशिश भारत में बढ़ती टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देना है। इसमें प्रमुख फोकस ऑटोमौटिव के लिए एआई, आईओटी, रोबोटिक्स और मोबाइल टेक्नोलॉजी पर होगा। क्वालकॉम के प्रेसिडेंट और सीईओ क्रिस्टियानो एमोन ने कहा, क्वालकॉम अपने नए स्ट्रेटेजिक एआई वेंचर फंड के माध्यम से उन कंपनियों में निवेश कर रहा है जो भारत में एआई के अगले अध्याय को आगे बढ़ा रही हैं। अमोन ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक नए चरण में प्रवेश कर रही है, जहां इंटेलिजेंस सीधे उन उपकरणों और प्रणालियों में अंतर्निहित होगी जिन पर लोग प्रतिदिन निर्भर रहते हैं, चाहे वे स्मार्टफोन और पीसी, कारें, औद्योगिक मशीनें और रोबोट आदि हों। इससे अधिक समृद्ध और सार्थक अनुभव प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि यह बदलाव संपूर्ण उद्योगों को नया रूप देगा।
अमोन ने कहा कि भारत में सभी क्षेत्रों में एआई इनोवेशन को बढ़ावा देने में स्टार्टअप इकोसिस्टम की महत्वपूर्ण भूमिका है। कंपनी ने बताया कि यह वेंचर फंड भारत के तकनीकी परिदृश्य के प्रति क्वालकॉम की दीर्घकालिक प्रतिबद्धता रेखांकित करता है और यह वैश्विक स्तर पर अत्याधुनिक एआई को आगे बढ़ाने में कंपनी के नेतृत्व के अनुरूप है।
दरअसल क्वालकॉम का लक्ष्य उभरती कंपनियों को परिवर्तनकारी, बाजार में अग्रणी समाधान विकसित करने में मदद करना है, इसके लिए वह संस्थापकों को अपनी गहन तकनीकी विशेषज्ञता और वैश्विक उद्योग नेटवर्क तक पहुंच प्रदान करके नवाचार को गति प्रदान करती है। कंपनी ने अपने बयान में बताया कि क्वालकॉम 2007 से भारत के स्टार्टअप समुदाय में निवेश कर रहा है और उसने मैपमाईइंडिया (डिजिटल मानचित्र और नेविगेशन समाधान प्रदाता), आइडियाफोर्ज (ड्रोन प्रौद्योगिकी में अग्रणी) आदि जैसी 40 से अधिक कंपनियों का समर्थन किया है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal