टीवी की अनुपमा ने अपने नाम किया ‘आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड’, खुशी से गदगद अभिनेत्री

अनुपमा ने फिर से टेलीविजन पर अपना दबदबा कायम किया है। उन्होंने एक और खिताब अपने नाम कर लिया है।
रुपाली गांगुली को आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड 2026 से नवाजा गया है, जिसमें उन्हें टीवी इंडस्ट्री में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान दिया गया है, लेकिन खास बात ये है कि ये अवॉर्ड सिर्फ अकेले अनुपमा ने नहीं, बल्कि उनके भाई ने भी जीता है, जो पेशे से कोरियोग्राफर हैं।
रुपाली गांगुली ने सोशल मीडिया पर अवॉर्ड से जुड़ी खूबसूरत फोटोज पोस्ट की, जिसमें वे स्टेज पर अपने भाई और मां के साथ दिख रही हैं। अभिनेत्री की मां रजनी ने स्टेज पर फिल्म ‘धुरंधर’ के गाने ‘शरारत’ पर बेटे के साथ जबरदस्त डांस किया और सारी लाइमलाइट जीत ली। इससे पहले भी उनकी मां रजनी गांगुली का डांस सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था और उन्हें यूजर्स ने ‘रियल स्टार’ की उपाधि दी थी। भले ही गोल्ड अवॉर्ड 2026 रुपाली और उनके भाई विजय गांगुली ने जीता है, लेकिन चर्चा सिर्फ उनकी मां की हो रही है।
अवॉर्ड शो की फोटोज पोस्ट करते हुए रुपाली ने कैप्शन में लिखा, “इन प्रतिष्ठित क्षणों के लिए आइकॉनिक गोल्ड अवॉर्ड का दिल से धन्यवाद, और अनुपमा के जन्मदिन पर रुपाली को ये उपहार देने के लिए भी तहे दिल से शुक्रिया। विजय गांगुली और रजनी गांगुली मेरे दो अनमोल रतन और मेरी रीढ़ हैं, और मेरी हिम्मत बनने के लिए अश्विन वर्मा का धन्यवाद। इसके साथ ही मुझे अपनी ‘अनुपमा’ बनाने के लिए राजन शाही और पूरी टीम को दिल से आभार। अनुपमा ने मेरी जिंदगी बदल दी।”
बता दें कि साल 2020 में ‘अनुपमा’ ने टीवी पर दस्तक दी थी और आज 6 साल तक टीवी पर राज कर रही है। शो ज्यादातर समय टीआरपी रेटिंग में टॉप पर रहता है। शो में समाज से जुड़े उन मुद्दों पर फोकस किया जाता है, जिन पर कोई बात करना तक पसंद नहीं करता। शो में अनुज और अनुपमा की लव स्टोरी को सबसे ज्यादा पसंद किया गया था, लेकिन अनुज और अनुपमा की जोड़ी भी पर्दे पर ज्यादा समय तक नहीं दिख पाई। फिलहाल अनुपमा अपनी तीसरी पीढ़ी की उलझनों को सुलझाती दिख रही हैं।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal