सीएम देवेंद्र फडणवीस के हाथों सम्मानित हुए आर्यन खान, ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के लिए जीता ये अवॉर्ड

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक नई और दमदार आवाज बनकर उभरे आर्यन खान को उनकी वेब सीरीज ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के लिए ‘बेस्ट डेब्यू डायरेक्टर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। 75वीं सालगिरह के खास मौके पर आयोजित इस भव्य समारोह में उन्हें यह सम्मान महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हाथों मिला। एक नए निर्देशक के रूप में यह उपलब्धि आर्यन के करियर में मील का पत्थर मानी जा रही है।
आर्यन खान ने अपने डायरेक्टोरियल डेब्यू के साथ ही इंडस्ट्री में मजबूत दस्तक दी है। ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ ने अपनी तेज-तर्रार राइटिंग, चुटीले ह्यूमर और दमदार कहानी के दम पर दर्शकों का दिल जीत लिया। शो में फिल्म इंडस्ट्री की चमक-दमक के पीछे की दुनिया को एक नए और बेबाक अंदाज में दिखाया गया है। क्रिटिक्स ने भी आर्यन की विजन, कहानी कहने की शैली और कैमरे के पीछे उनके आत्मविश्वास की जमकर सराहना की।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंहुचा द बैड्स ऑफ बॉलीवुड
सीरीज की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सितंबर में नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही यह OTT पर नंबर 1 ट्रेंड करने लगी। इतना ही नहीं, शो ने नेटफ्लिक्स की ग्लोबल टॉप 10 (नॉन-इंग्लिश) लिस्ट में भी अपनी जगह बनाई और कई देशों में ट्रेंड किया। न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वायर के बिलबोर्ड पर इसकी झलक दिखना इस बात का सबूत है कि ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ का प्रभाव अब अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच चुका है।
द बैड्स ऑफ बॉलीवुड के स्टार कास्ट
इस सीरीज को आर्यन खान ने खुद लिखा और डायरेक्ट किया है, जबकि इसे गौरी खान ने रेड चिली एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। शो में लक्ष्य लालवानी, बॉबी देओल, मोना सिंह, राघव जुयाल, मनोज पाहवा समेत कई दमदार कलाकार नजर आए हैं। गौरतलब है कि हाल ही में आर्यन को ‘डेब्यू डायरेक्टर ऑफ द ईयर’ के लिए NDTV इंडियन ऑफ द ईयर 2025 में भी सम्मानित किया गया था। लगातार मिल रहे इन सम्मानों से साफ है कि आर्यन खान ने बतौर निर्देशक अपनी अलग पहचान बना ली है और आने वाले समय में उनसे और भी बड़े प्रोजेक्ट्स की उम्मीद की जा रही है।
सियासी मियार की रीपोर्ट
Siyasi Miyar | News & information Portal Latest News & Information Portal