Monday , February 23 2026

टैरिफ राहत से शेयर बाजार ने की मज‎बूत शुरुआत

टैरिफ राहत से शेयर बाजार ने की मज‎बूत शुरुआत

  • सेंसेक्स 500 अंक चढ़कर 83,000 और निफ्टी 25700 के पार

मुंबई, 23 फरवरी सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार ने मजबूत शुरुआत की। वैश्विक संकेतों से मिले सकारात्मक रुख और घरेलू बैंकिंग शेयरों में खरीदारी के चलते बाजार में तेजी देखने को मिली। अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट द्वारा डोनाल्ड ट्रंप के कुछ टैरिफ नियमों को खारिज किए जाने के फैसले ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है। इस फैसले को वैश्विक व्यापार के लिए राहत के रूप में देखा जा रहा है, जिसका असर भारतीय बाजार के सेंटीमेंट्स पर भी सकारात्मक पड़ा। तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 100 से अधिक अंकों की बढ़त के साथ 82,906 पर खुला। बाजार खुलते ही इसमें तेजी और मजबूत हुई तथा यह 83,000 के स्तर को पार कर गया। सुबह 9:21 बजे सेंसेक्स 496.32 अंकों यानी 0.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 83,311.03 पर कारोबार करता देखा गया। शुरुआती सत्र में खासतौर पर सरकारी बैंकों और वित्तीय सेवा कंपनियों के शेयरों में लिवाली का रुख रहा। इसी तरह ‎निफ्टी 50 भी मजबूती के साथ 25,678 अंक पर खुला। खुलने के कुछ ही मिनटों में यह 25,700 के स्तर को पार कर गया। सुबह शुरुआत के बाद निफ्टी 149.10 अंक की बढ़त के साथ 25,720 पर ट्रेड कर रहा था। वहीं पिछले दिन शुक्रवार को 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 316.57 अंक उछलकर 82,814.71 अंक पर बंद हुआ था, जबकि 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 116.90 अंक की बढ़त के साथ 25,571.25 पर बंद हुआ था। विश्लेषकों का मानना है कि सकारात्मक वैश्विक संकेत, विदेशी निवेशकों की वापसी और बैंकिंग सेक्टर में मजबूती से बाजार को समर्थन मिला है। यदि यही रुख बरकरार रहता है, तो आने वाले सत्रों में बाजार नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ सकता है।

सियासी मियार की रीपोर्ट